
– मंत्री एके शर्मा ने नगर निगम की 50 करोड़ की परियोजनाओं का किया शिलान्यास व लोकार्पण
मुरादाबाद, 20 जुलाई (Udaipur Kiran) । ऊर्जा विभाग के अधिकारी जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों द्वारा दिये गये सुझावों पर अमल करें। यह बातें उप्र सरकार में नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने रविवार को मुरादाबाद में ऊर्जा विभाग के अधिकारियों के साथ जिले में हो रहे विद्युत तंत्र सुदृढ़ीकरण एवं अन्य विकास कार्यों की समीक्षा बैठक के दौरान कही।
मंत्री एके शर्मा रविवार को जनपद मुरादाबाद प्रवास पर पहुंचे। नगर विकास मंत्री ने सबसे पहले नगर निगम की करोड़ों की परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण किया। इसके बाद सर्किट हाउस सभागार में विद्युत विभाग और नगर विकास विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक को संबोधित किया।
बैठक में नगर निगम मुरादाबाद के महापौर विनोद अग्रवाल, नगर विधानसभा से विधायक रितेश गुप्ता, कुंदरकी विधायक ठाकुर रामवीर सिंह, विधान परिषद सदस्य गोपाल अंजान, महानगर भाजपा अध्यक्ष गिरीश भंडूला, नगर निकायों के अध्यक्ष, पार्षद व सभासद सहित ऊर्जा विभाग के अधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
मंत्री एके शर्मा ने नगर निगम की 50 करोड़ की परियोजनाओं का किया शिलान्यास व लोकार्पण
नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल ने बताया कि नगर विकास मंत्री एके शर्मा ने नगर निगम मुरादाबाद की 50 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण किया। एके शर्मा ने छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा, 5-डी मोशन थिएटर, होलोग्राफिक प्रोजेक्टर शो, हनुमान वाटिका, स्पंदन का उद्घाटन किया। बुद्धि विहार में बन रही भव्य हनुमान वाटिका का भी शिलान्यास किया।
(Udaipur Kiran) / निमित कुमार जायसवाल
