HimachalPradesh

हिमाचल पर्यटन विकास निगम के कर्मचारियों को नहीं मिली अगस्त की सैलरी, घेराव की चेतावनी

शिमला, 21 सितंबर (Udaipur Kiran News) । हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के कर्मचारियों को अगस्त महीने की सैलरी 21 सितम्बर बीत जाने के बाद भी नहीं मिल पाई है। समय पर वेतन न मिलने से कर्मचारियों को रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने में कठिनाई हो रही है। कर्मचारियों का कहना है कि निगम प्रशासन गहरी नींद में सोया हुआ है और अब उसे जगाना जरूरी हो गया है।

कर्मचारियों का कहना है कि कोरोना महामारी के कठिन समय में भी उनका वेतन कभी नहीं रुका, लेकिन मौजूदा समय में जब निगम की आमदनी अच्छी है, तब भी वेतन समय पर जारी नहीं हो रहा है। इससे कर्मचारियों में भारी असंतोष है और वे इसे चिंता का विषय मान रहे हैं।

भारतीय मजदूर संघ हिमाचल प्रदेश ने भी इस मुद्दे पर निगम प्रबंधन की कड़ी निंदा की है। संघ के प्रदेश अध्यक्ष मदन राणा, महामंत्री यशपाल हेटा और पर्यटन निगम के प्रभारी डी.आर. चौहान ने संयुक्त बयान में कहा कि कर्मचारियों के साथ यह लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर तुरंत कर्मचारियों का बकाया वेतन जारी नहीं किया गया तो निगम प्रबंधन का घेराव किया जाएगा। इस स्थिति की पूरी जिम्मेदारी निगम प्रशासन की होगी।

कर्मचारियों का कहना है कि समय पर सैलरी न मिलना उनके जीवन-यापन को प्रभावित कर रहा है और इससे उनकी आर्थिक स्थिति बिगड़ रही है। ऐसे में अब उनका सब्र जवाब देने लगा है और वे जल्द आंदोलन की राह पर जा सकते हैं।

—————

(Udaipur Kiran) / उज्जवल शर्मा

Most Popular

To Top