Jharkhand

जनता दरबार में जमीन का म्‍युटेशन नहीं करने पर कर्मचारी को किया शोकॉज

जनता दरबार में शिकायत सुनते डीसी मंजूनाथ

रांची, 16 जून (Udaipur Kiran) । उपायुक्‍त मंजुनाथ भजंत्री के जनता दरबार में एक बार फिर से कांके अंचल की ओर से मिलीभगत कर जमीन हड़पने के प्रयास का मामला सामने आया है। जनता दरबार में फरियादी की ओर से गुहार लगाने के बाद उपायुक्‍त ने तत्काल मामले पर संज्ञान लेते हुए पूरे मामले की जांच कर कार्रवाई करने का आदेश दिया।

समहाहरणालय में सोमवार को उपायुक्‍त की ओर से लगाए गए जनता दरबार में एक फरियादी ने मौजा मदनपुर में मिलीभगत से फर्जी दस्तावेज के आधार पर म्यूटेशन कर जमीन हड़पने के मामले को लेकर अपनी जमीन बचाने की गुहार लगाई। फरियादी ने उपायुक्‍त को इस मामले को लेकर उसका पूरा परिवार मानसिक तनाव में है और भयभीत है। इसके बाद उपायुक्‍त ने एएसओ को पूरे मामले की जांच करने का निर्देश दिया।

वहीं जमीन से जुडे एक अन्‍य मामले में वर्ष 2020 से म्यूटेशन नहीं होने से परेशान फरियादी ने जनता दरबार में समस्या के समाधान होने पर खुशी जाहिर करते हुए उपायुक्त के प्रति आभार प्रकट किया।

अंचल कर्मचारी को शो-कॉज :

जनता दरबार में रंजीत मोहन ने उपायुक्‍त को बताया कि 31 मार्च 2025 को म्यूटेशन के लिए उन्‍होंने आवेदन दिया था, लेकिन निर्धारित समय सीमा बीतने के बाद भी दाखिल-खारिज नहीं हुआ। उन्होंने उपायुक्त को बताया कि कर्मचारी फाइल आगे नहीं बढा रहा है और मामले में टाल-मटोल कर रहा है। पसपर उपायुक्‍त ने तत्काल कर्मचारी को शो-कॉज करने और एक सप्ताह में म्यूटेशन करने का आदेश दिया। डीसी ने अग्रेतर कार्रवाई नहीं करने पर प्रपत्र-क गठित करने का निर्देश देकर कर्मचारी को फटकार भी लगाई।

बेटी की शादी की बात पर डीसी को आवेदन :

जनता दरबार में रामवृक्ष उरांव की बेटी की शादी इसी महीने होनेवाली थी। लेकिन अर्थिक सहायता की आस में फरियादी ने जनता दरबार में मदद की गुहार लगाई। इसपर उपायुक्‍त ने तुरंत जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को फोन कर मुख्यमंत्री कन्यादान योजना का लाभ सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। जनता दरबार में राजस्व, पेंशन, प्रमाण-पत्र, स्थानांतरण, भूमि पर अवैध कब्जा और बिक्री सहित कई समस्याओं का समाधान करने का निर्देश उपायुक्‍त ने संबं‍धित अधिकारियों को दिया।

—————

(Udaipur Kiran) / Manoj Kumar

Most Popular

To Top