Haryana

पलवल: सरकारी अस्पताल में कर्मचारी से मारपीट

पलवल, 3 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । जिले के होडल स्थित सरकारी अस्पताल में देर रात हंगामा हो गया। एमएलआर कटवाने आए लोगों ने ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी के साथ मारपीट कर दी और जान से मारने की धमकी भी दी। इस मामले में पुलिस ने एक दंपति सहित 12 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

मिली जानकारी के अनुसार वार्ड सर्वेंट महेंद्र, जो होडल सरकारी अस्पताल में कार्यरत है। उन्होंने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह रात की ड्यूटी पर थे। रात करीब दस बजे बक्सुआ पट्टी होडल निवासी रोहित अपनी पत्नी गीता और कुछ सगे-संबंधियों के साथ अस्पताल पहुंचा। वह लोग एमएलआर कटवाने आए थे। उस समय आपातकालीन वार्ड में डॉ. पारस शर्मा ड्यूटी पर मौजूद थे।

आपातकालीन वार्ड में भीड़ अधिक होने पर डॉक्टर ने महेंद्र को बुलाया। महेंद्र ने घायल के साथ आए अन्य लोगों से वार्ड से बाहर जाने को कहा। इस पर रोहित और उसके साथ आए लोग गाली-गलौच करने लगे। आरोप है कि बाद में वे महेंद्र को आपातकालीन वार्ड से बाहर मंदिर के पास ले गए और उसके साथ मारपीट की। उन्होंने धमकी दी कि यदि पुलिस में शिकायत की तो जान से मार देंगे।

घटना के समय अस्पताल में मौजूद अन्य कर्मचारी देवेश, दीनदयाल, मोहर सिंह और हेमराज ने भी पूरे घटनाक्रम को देखा। मारपीट करने वालों में रोहित, उसकी पत्नी गीता और उनके साथ आए 10–12 लोग शामिल थे। महेंद्र की शिकायत पर होडल थाना पुलिस ने रोहित, गीता और अन्य आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

—————

(Udaipur Kiran) / गुरुदत्त गर्ग

Most Popular

To Top