
रांची, 21 जुलाई (Udaipur Kiran) । ईस्टर्न झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के आतिथ्य में साहेबगंज स्थित उत्सव बैंक्वेट हॉल में झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स के 11वीं कार्यकारिणी समिति की बैठक हुई।
बैठक में झारखंड चेंबर अध्यक्ष के नेतृत्व में 14 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने हिस्सा लिया।
बैठक में साहेबगंज के व्यापारियों ने जिले में इंडस्ट्रियल एरिया की आवश्यकता, जिले को मनगढंत रूप से खासमहल कानून थोपे जाने से उत्पन्न परेशानी, बेहतर ट्रेन कनेक्टिविटी, स्वास्थ्य सेवाओं की कमी, स्वच्छ जल और सफाई व्यवस्था जैसी जमीनी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। जिले के व्यापारियों ने नगर परिषद् साहेबगंज की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए बताया कि परिषद् अवैध रूप से साहेबगंज में प्रवेश करनेवाली ट्रकों पर प्रवेश शुल्क लेता है। ईस्टर्न झारखंड चेंबर के अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने जिला परिषद् साहेबगंज कृषि शुल्क उगाही के हालिया आदेश को वापस कराने में झारखंड चेंबर के प्रभावी हस्तक्षेप की सराहना की। साथ ही जिले के विकास में बाधक नीतियों के निराकरण के लिए झारखंड चेंबर से सहयोग की अपेक्षा जताई।
संथाल परगना क्षेत्र को संभावनाओं का क्षेत्र बताते हुए व्यापारियों ने संथाल परगना क्षेत्र में कृषि आधारित उद्योग, फूड प्रोसेसिंग, पैकेजिंग, फूड पार्क की स्थापना, स्प्रीचुअल टूरिज्म सर्किट, टेक्सटाइल हब के रूप में विकास, प्लास्टिक उद्योग, मेडिकल और फार्मा इंडस्ट्री की स्थापना, संथाल परगना को इंडस्ट्रियल थ्रस्ट एरिया घोषित करने पर बल दिया गया।
राज्य को समृद्ध बनने के लिए संथाल को करना होगा सशक्त: गट्टानी
मौके पर चेंबर अध्यक्ष परेश गट्टानी ने कहा कि झारखंड को समृद्ध बनना है तो संथाल परगना को सशक्त बनाना होगा। साहेबगंज में खनिज सम्पदा की प्रचुरता है, पर्यटन की असीम संभावना है, मक्का की खेती बहुतायत होती है। बावजूद इसके जिले में इंडस्ट्रियल एरिया का नहीं होना दुखद है। यह क्षेत्र औद्योगिक इलाका बन सके इसके लिए फेडरेशन हर स्तर पर पहल करेगा। महासचिव आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि खनिज आधारित उद्योग, फूड प्रोसेसिंग एवं टूरिज्म सेक्टर में संथाल परगना को औद्योगिक रूप से विकसित किया जा सकता है, जिससे इस क्षेत्र से श्रमिकों का पलायन भी रोका जा सकेगा।
बैठक में चेंबर के कोषाध्यक्ष रोहित अग्रवाल, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष संजय अग्रवाल, प्रदीप अग्रवाल, रमेश कुमार, उदयशंकर दुबे, कार्यकारिणी सदस्य रोहित पोद्दार, संजय अखौरी, मुकेश अग्रवाल, उप समिति चेयरमैन प्रमोद सारस्वत, तेजविंदर सिंह, जिला चेंबर ऑफ़ कॉमर्स के पदाधिकारियों में अलोक मल्लिक, प्रीतम गाड़िया, प्रमोद कुमार, संजीव खत्री सहित अन्य मौजूद थे।
—————
(Udaipur Kiran) / Vinod Pathak
