Uttar Pradesh

आपातकाल भारतीय संविधान पर कुठाराघात था : जितिन प्रसाद

भाजपा मुरादाबाद महानगर व जिला इकाई द्वारा आपातकाल के 50 वर्ष पूरे होने पर आयोजित संगोष्ठी में केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह व अन्य भाजपाई व जनप्रतिनिधि।

– इंदिरा गांधी ने अपने निजी हितों को ध्यान में रखते हुए देश के संविधान को स्थगित कर आपातकाल लगाया : भूपेंद्र सिंह

मुरादाबाद, 25 जून (Udaipur Kiran) । आपातकाल भारतीय संविधान पर कुठाराघात था। वर्तमान समय में चुनाव आयोग, मीडिया, न्यायपालिका पूरी तरह से स्वतंत्र हैं। यही भारत का स्वरूप हैं और यही भारत की शक्ति हैं। यह बातें बुधवार को केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने भाजपा मुरादाबाद महानगर व जिला इकाई के तत्वावधान में बुधवार को आपातकाल के 50 वर्ष पूरे होने के उपलक्षय में आयोजित संगोष्ठी व लोकतंत्र सेनानी सम्मान कार्यक्रम में कही।

दिल्ली रोड स्थित एक होटल में सर्वप्रथम मुख्य वक्ता के रूप में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह व विशिष्ठ अतिथि केंद्रीय उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने पौधारोपण किया। भाजपा जिलाध्यक्ष आकाश पाल ने कार्यक्रम की प्रस्तावना पढ़ते हुए बताया कि आज आपातकाल के 50 साल पूरे हो गए हैं। लोकतंत्र सेनानियों के सम्मान के लिए एक कार्यक्रम आयोजित किया गया है। लोकतंत्र सेनानी कमल कांत राय ने कहा कि आपातकाल इंदिरा गांधी के नेतृत्व वाली सरकार की तानाशाही प्रवृत्ति का प्रतीक था और इसे लागू करना इतिहास का काला दिन था, एक काला अध्याय था।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह ने कहा कि आज के दिन 1975 में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने अपने निजी हितों को ध्यान में रखते हुए देश के संविधान को स्थगित करके आपातकाल लगाया था। आपातकाल का विभिन्न राजनीतिक, सामाजिक संगठनों ने विरोध किया। इसका परिणाम यह हुआ कि पूरे देश में लाखों की संख्या में लोगों को जेल की काल कोठरियों में बंद कर दिया गया। इन सभी मीसा बंदियों ने जेल में विभिन्न प्रताड़नाएं झेली। आज हम उन्हीं लोगों और उनके परिजनों का सम्मान कर रहे हैं।

केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने कहा कि जनता के मन से मोदी जी के नेतृत्व में तीसरी बार सरकार बनी है और जनता के अनुरूप ही कार्य कर रही है। इसके विपरीत आपातकाल में लोगों की आवाज दबाई गई, प्रेस को कुचल दिया गया। न्यायपालिका पर प्रहार किए गए लोकतंत्र सेनानियों ने बहुत ही अधिक प्रताड़ना झेली। भारत देश के इतिहास में ऐसा अध्याय दोहराया ना जाए इसीलिए आज हम एकत्रित हुए हैं।

आभार व्यक्त करते हुए भाजपा महानगर अध्यक्ष गिरिश भंडूला ने कहा कि वर्ष 2014 से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारा देश लगातार प्रगति और विकास के पद पर अग्रसर है। अध्यक्षता लोकतंत्र सेनानी कमल कांत राय ने और संचालन कार्यक्रम संयोजक भाजपा महानगर उपाध्यक्ष विशाल त्यागी ने किया।

इस मौके पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधान परिषद सदस्य सतपाल सैनी, क्षेत्रीय महामंत्री हरिओम शर्मा, नगर विधायक रितेश गुप्ता, एमएलसी डॉ जयपाल सिंह व्यस्त, महापौर विनोद अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष डा शैफाली सिंह, कुंदरकी विधायक रामवीर सिंह, क्षेत्रीय मीडिया सह प्रभारी निमित जायसवाल, महानगर मीडिया प्रभारी राजीव गुप्ता, जिला मीडिया प्रभारी संजय ढाका, जिला सहकारी बैंक चेयरमैन विजयभान सिंह, गो सेवा आयोग सदस्य दीपक गोयल, पूर्व सांसद वीर सिंह, राष्ट्रीय लोकदल जिलाध्यक्ष मनोज चौधरी, राजेश चुन्नू, डॉ केके मिश्रा, अजय प्रताप सिंह, जिला महामंत्री राजन बिश्नोई, राजपाल सिंह चौहान, कमल प्रजापति, हरज्ञान सिंह, चंद्रपाल सैनी आदि उपस्थित रहे।

(Udaipur Kiran) / निमित कुमार जायसवाल

Most Popular

To Top