फरीदाबाद, 2 सितंबर (Udaipur Kiran) । प्रापर्टी टैक्स जमा न करवाने वालों के खिलाफ नगर निगम प्रशासन ने सीलिंग का अभियान शुरु कर दिया है। इसी कड़ी में मंगलवार को नगर निगम अधिकारियों व कर्मचारियों ने प्रापर्टी टैक्स जमा न करवाने पर आठ यूनिटों को सील कर दिया। नगर निगम की एडिशनल कमिश्नर सलोनी शर्मा ने बताया कि निगम के क्षेत्रीय एवं कर अधिकारी द्वारा अलग-अलग स्थानों पर मंगलवार को आठ यूनिटों को सील किया गया है, जिसमें दुकान, वर्कशॉप और प्राइवेट क्रिकेट एकेडमी भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि शिव दुर्गा विहार -2 में सूरजकुंड इंटरनेशनल क्रिकेट अकादमी पर भी चार लाख से ज्यादा का प्रॉपर्टी टैक्स बकाया था, उसे भी सील किया गया है। इसके अलावा शिव दुर्गा विहार में एक यूनिट पर दो लाख से ज्यादा का टैक्स बकाया था जबकि छह यूनिटों को बल्लभगढ़ में सील किया गया है। नोटिस के बाद भी टैक्स जमा न कराने पर यह कार्रवाई की गई है। एडिशनल कमिश्नर सलोनी शर्मा ने कहा कि शहर के सभी प्रॉपर्टी धारक यदि समय से अपना प्रॉपर्टी टैक्स नगर निगम को जमा कराएंगे तो निश्चित ही फरीदाबाद शहर का विकास भी तेज गति के साथ आगे बढ़ेगा।
(Udaipur Kiran) / -मनोज तोमर
