
धमतरी, 5 सितंबर (Udaipur Kiran) । धमतरी में ईद-ए-मिलाद (मिलाद-उन-नबी) का पर्व पांच सितंबर को उत्साह से मनाया गया। इस अवसर पर शहर में जुलूस निकला। जुलूस में बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग शामिल हुए।
नगर पालिक निगम धमतरी के महापौर रामू रोहरा ने ईद-ए-मिलाद (मिलाद-उन-नबी) के अवसर पर नगरवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि पैगम्बर हजरत मोहम्मद साहब का जीवन सादगी, मानवता, करुणा और भाईचारे का अनुपम उदाहरण है। उनका संदेश हर इंसान को प्रेम, एकता और शांति के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
महापौर रोहरा ने कहा कि नगरवासियों से इस अवसर पर आपसी भाईचारा, सौहार्द और सम्मान की भावना बनाए रखने की अपील की। महापौर ने विश्वास जताया कि यह त्यौहार धमतरी नगर में शांति, सद्भाव और खुशहाली का संदेश लेकर आएगा।
इस मौके पर नगर के अनेक जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। इनमें पवन गजपाल, विजय साहू, राजू चंद्राकर, नीतू द्विवेदी, पिंटू यादव, विभा चंद्राकर, अज्जू देशलहरे, कुलेश सोनी, नन्दू लोधी और महेन्द्र खंडेलवाल शामिल थे। सभी ने सामूहिक रूप से नगरवासियों को शुभकामनाएँ दीं और सामाजिक एकता बनाए रखने का आह्वान किया।
महापौर रोहरा ने कहा कि ईद-ए-मिलाद का पर्व केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सामाजिक समरसता और भाईचारे का प्रतीक भी है। पैगम्बर मोहम्मद साहब की शिक्षाएँ हर दौर में समाज के लिए मार्गदर्शक रही हैं। उनके बताए रास्ते पर चलकर ही हम एक बेहतर समाज और राष्ट्र का निर्माण कर सकते हैं।
(Udaipur Kiran) / रोशन सिन्हा
