West Bengal

दुर्गापुर दुष्कर्म पीड़िता के पिता बोले : अब इस राज्य पर भरोसा नहीं, बेटी को ओडिशा ले जाना चाहता हूं

दुर्गापुर (पश्चिम बर्दवान), 12 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । दुर्गापुर के एक निजी मेडिकल कॉलेज में छात्रा से दुष्कर्म की घटना ने पूरे राज्य को झकझोर दिया है। पीड़िता के पिता ने पश्चिम बंगाल सरकार पर भरोसा खोने की बात कहते हुए अपनी बेटी को जल्द से जल्द ओडिशा ले जाने की इच्छा जताई है। उन्होंने इस संबंध में ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहनचरण माझी से भी मदद मांगी है।

शनिवार को यह मामला सामने आने के बाद से राज्यभर में इस पर तीखी चर्चा छिड़ी हुई है। पुलिस अब तक तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर चुकी है। रविवार को पीड़िता के पिता ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि मैंने ओडिशा के मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कि मेरी बेटी को यहां से ओडिशा ले जाने की व्यवस्था की जाए। इस जगह पर अब भरोसा नहीं रहा। डर है कि मेरी बेटी की जान को खतरा हो सकता है।

घटना शुक्रवार रात की बताई जा रही है, जब छात्रा अपने एक सहपाठी के साथ कॉलेज कैंपस से बाहर निकली थी। तभी कुछ लोगों ने उसे घेर लिया और कथित रूप से उसके साथ दुष्कर्म किया।

राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का निर्देश दिया है। बावजूद इसके, पीड़िता के पिता अब भी अपनी बेटी की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। उन्होंने कहा कि मेरी बेटी अभी चल भी नहीं पा रही है, पूरी तरह से बेड रेस्ट पर है। मुख्यमंत्री, डीजी, एसपी और जिलाधिकारी लगातार संपर्क में हैं, लेकिन मैं मुख्यमंत्री से अनुरोध कर चुका हूं कि मेरी बेटी को यहां से ओडिशा ले जाने की अनुमति दी जाए।

इससे पहले, ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहनचरण माझी ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से बात कर मामले में शीघ्र न्याय सुनिश्चित करने का अनुरोध किया था।

पीड़िता के पिता ने बताया कि ओडिशा के मुख्यमंत्री ने उनसे भी फोन पर बात की है और हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।

उन्होंने आगे बताया कि रात करीब 10 बजे मेरी बेटी के दोस्त ने फोन कर बताया कि उसके साथ दुष्कर्म हुआ है। वह उसे खाने के लिए बाहर ले गया था, तभी दो-तीन लोग आकर उसे घेर लेते हैं और उसका दोस्त वहां से भाग जाता है। घटना रात आठ से नौ बजे के बीच की है। यहां सुरक्षा व्यवस्था बेहद कमजोर है और कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा।

—————

(Udaipur Kiran) / धनंजय पाण्डेय

Most Popular

To Top