Delhi

पुरानी रंजिश में शख्स पर आरोपितों ने किया जानलेवा हमला, मुकदमा दर्ज

नई दिल्ली, 25 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । दिल्ली के दक्षिण पूर्वी जिले के सरिता विहार थाना क्षेत्र स्थित आली गांव में एक शख्स पर शुक्रवार को दिनदहाड़े लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ हमला करके गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। हमले की एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई। हमले में पुरानी रंजिश के चलते साजिशन हमला करवाने की बात सामने आई है। पीड़ित का कहना है कि हमला करने वाले के पीछे अन्य लोग भी हैं। फिलहाल पीड़ित अस्पताल में भर्ती हैं और उनका उपचार किया जा रहा है। पीड़ित की पत्नी व भाई कांग्रेस नेता और निगम पार्षद पद के प्रत्याशी रह चुके हैं। पुलिस मामले में एक नामजद व एक अज्ञात आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच कर रही है।

पीड़ित रघुराज सिंह ने बताया कि वह आली गांव में परिवार के साथ रहते हैं और एमसीडी स्कूल में एमटीएस के पद पर कार्यरत हैं। उनके भाई विजय पाल उर्फ बिज्जू पहलवान और उनकी पत्नी सुदेश रघुराज सिंह कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में निगम पार्षद का चुनाव इत्यादि लड़े हैं। शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे वह अपने घर से कार्यालय जाने के लिए कार से निकले थे। जैसे ही वे मथुरा रोड के पास आली एक्सटेंशन पहुंचे, तभी मोहित उर्फ पोली अपने एक साथी के साथ बाइक से आया और कार को रोक लिया। इसके बाद दोनों ने कार की विंडशील्ड तोड़ दी और लोहे की रॉड से रघुराज के हाथ व दोनों पैरों में ताबड़तोड़ वार करना शुरू कर दिया और उन्हें बुरी तरह घायल करके आरोपित मौके से फरार हो गए। घायल अवस्था में रघुराज को उनके परिजन एवं दोस्तों ने उन्हें अपोलो अस्पताल पहुंचाया जहां उनका उपचार किया जा रहा है।

पुलिस ने आरोपित मोहित के अलावा एक अज्ञात आरोपित के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच में पता चला है कि आरोपित मोहित भी आली गांव का ही रहने वाला है और करीब दो साल पहले मोहित ने आली एक्सटेंशन में एक प्लॉट खरीदकर उस पर निर्माण कार्य कराया था। करीब एक महीना पहले उसके प्लॉट में डीडीए द्वारा तोड़फोड़ कर दी गई। इसको लेकर उसे रघुराज सिंह पर शक था। उसे शक था कि रघुराज ने उसके खिलाफ सिविक एजेंसी में शिकायत देकर ये कार्रवाई करवाई है। इसी के चलते आरोपित ने उस पर रंजिशन हमला कर दिया।

दक्षिण पूर्वी जिले के पुलिस उपायुक्त डॉ. हेमंत तिवारी ने बताया कि शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे अपोलो अस्पताल से पुलिस को मामले की सूचना मिली। पुलिस टीम ने पीड़ित के बयान व वायरल वीडियो की पुष्टि के बाद दो आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरु की। दोनों आरोपितों की पहचान कर ली गई है, जिन्हें पुलिस जल्द गिरफ्तार कर लेगी।

————

(Udaipur Kiran) / कुमार अश्वनी

Most Popular

To Top