Delhi

‘सेवा पखवाड़े’ में शुरू होगी डीटीसी की दिल्ली-बड़ौत अंतरराज्यीय एसी बस सेवा : पंकज कुमार सिंह

दिल्ली के परिवहन मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह

नई दिल्ली, 19 सितंबर (Udaipur Kiran) । दिल्ली के परिवहन मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने शुक्रवार को बताया कि सेवा पखवाड़े के दौरान दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) राजधानी के महाराणा प्रताप अंतरराज्यीय बस अड्डे को उत्तर प्रदेश के बड़ौत से जोड़ने वाली एक नई एसी बस सेवा शुरू करेगा। उन्होंने कहा कि इस नई सेवा से दिल्ली और यूपी के बस यात्रियों और छात्रों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी और बस से दैनिक यात्रा करने वाले लोगों के विकल्पों में भी उल्लेखनीय सुधार होगा।

मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि यह नई एसी बस सेवा दिल्ली के महाराणा प्रताप आईएसबीटी से शुरू होकर खजूरी खास, भजनपुरा, लोनी बस स्टैंड, यूपी बॉर्डर, लोनी, मंडोला, खेकरा, काठा, बागपत, गौरीपुर, सरूरपुर और ट्योढ़ी से होते हुए बड़ौत तक पहुंचेगी। ठीक इसी तरह बड़ौत से दिल्ली आने वाली एसी बसें ट्योढ़ी, सरूरपुर, गौरीपुर, बागपत, काठा, खेकरा, मंडोला, लोनी, लोनी बस स्टैंड/यूपी बॉर्डर, भजनपुरा और खजूरी खास से होते हुए महाराणा प्रताप आईएसबीटी तक आएंगी।

मंत्री पंकज कुमार सिंह ने बताया कि दिल्ली–बड़ौत एसी बस सेवाएं रोजाना सुबह 4 बजकर 50 मिनट, 5 बजकर 20 मिनट और 5 बजकर 50 मिनट पर शुरू होकर दिल्ली से बड़ौत तक जाएंगी। तो वहीं, यूपी के बड़ौत बस डिपो से दिल्ली की तरफ सुबह 7:00 बजे, 7 बजकर 30 मिनट और 8:00 बजे बसें रवाना होंगी। खासकर शाम के समय बस कनेक्टिविटी और ज्यादा मजबूत होगी। दिल्ली से बड़ौत की ओर शाम 5:00 बजे, 5:30 बजे और 6:00 बजे एसी बसें चलेंगी, जबकि बड़ौत से दिल्ली की तरफ 7:30 बजे, 8:00 बजे और 8:30 बजे बसें रवाना होंगी। लगभग 60 किलोमीटर लंबे इस अंतरराज्यीय बस रूट के लिए दिल्ली सरकार ने सभी वर्गों के यात्रियों को ध्यान में रखते हुए बेहद ही किफायती किराया निर्धारित किया है। इन एसी बसों का न्यूनतम किराया मात्र 32 रुपए रखा गया है, जबकि पूरे रूट का अधिकतम किराया केवल 125 रुपए निर्धारित किया गया है।

परिवहन मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने यह भी बताया कि जल्द ही कई दूसरे रूटों पर भी अंतरराज्यीय एसी बस सेवा शुरू की जाएंगी, जो राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली को आसपास के इलाकों के साथ पड़ोसी राज्यों से जोड़ेंगी। इन बस सेवाओं का उद्देश्य धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ ही सांस्कृतिक कनेक्टिविटी को मजबूत करना है। एसी बसों का किराया इतना ही रखा जाएगा ताकि हर वर्ग के लोग इन बस सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठा सके।

दिल्ली के परिवहन मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने कहा कि यह नई अंतरराज्यीय एसी बस सेवा सिर्फ आवागमन सुधारने तक ही सीमित नहीं है, बल्कि यह समुदायों को जोड़ने, आजीविका को बढ़ावा देने और हर वर्ग के लोगों को सुगम और सस्ती दरों पर बेहद आरामदायक यात्रा सुनिश्चित करने का माध्यम है। इन नई बस सेवाओं के माध्यम से सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था से ज्यादा से ज्यादा लोगों को जोड़ने के साथ हम आर्थिक विकास और सांस्कृतिक आदान-प्रदान का मार्ग प्रशस्त कर रहे हैं। हमारी सरकार का मकसद दिल्ली परिवहन निगम को घाटे से उबारकर लाभप्रद संस्था बनाने का लक्ष्य हासिल कर वित्तीय रूप से आत्मनिर्भर बनाना है।

—————

(Udaipur Kiran) / धीरेन्द्र यादव

Most Popular

To Top