
धर्मशाला, 28 जून (Udaipur Kiran) । कांगड़ा में नूरपुर पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पकड़े गए पांच नशा तस्करों की 82.01 लाख रुपए की संपत्ति जब्त की गई है। एसपी नूरपुर अशोक रत्न ने जब्ती की पुष्टि की है। बता दें कि पुलिस थाना ज्वाली की टीम ने 24 मई को कैहरियां में नाके के दौरान एक आल्टो कार से 12 किलो 156 ग्राम चरस की बड़ी खेप रामद की थी। मौके पर मंडी जिले के रमेश कुमार को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
इसी दिन धरमाड़ से अनुपम को गिरफ्तार किया गया। बाद में तीन और आरोपी विशाल, बलबीर और चांदेल को भी पकड़ा गया। जांच में आरोपियों की वित्तीय स्थिति की पड़ताल की गई। रमेश कुमार और उनके परिजनों के 5 बैंक खातों में 12 लाख रुपए मिले।
आरोपी बलबीर और उसके परिवार के 10 खातों में 12.26 लाख रुपए पाए गए। बलबीर के नाम 34.87 लाख का एक मकान और विशाल के नाम 22.87 लाख का मकान जब्त किया गया। कुल 82.01 लाख रुपए की संपत्ति को जब्त कर सक्षम प्राधिकारी, नई दिल्ली को रिपोर्ट भेजी गई। वहां से अनुमति मिलने के बाद नूरपुर पुलिस ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया है।
पुलिस अधीक्षक नूरपुर अशोक रत्न के मुताबिक, नशे के खिलाफ अभियान में नशे का काला कारोबार करने वालों के खिलाफ अब तक कुल 11 मामलों में 18.70 करोड़ रुपए की अवैध संपत्तियां जब्त की जा चुकी हैं। कई अन्य मामले दिल्ली में विचाराधीन हैं।
(Udaipur Kiran) / सतिंदर धलारिया
