HEADLINES

डीआरआई ने मुंबई में बरामद की ५ करोड़ की ड्रग, नाइजीरियन महिला समेत दो गिरफ्तार

मुंबई, 20 जून (Udaipur Kiran) । राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने मुंबई में एक नाइजीरियन महिला सहित दो तस्करों के पास से ५ करोड़ रुपये कीमत के ड्रग बरामद की है। महिला दिल्ली से मुंबई बस से आ रही थी और डीआरआई ने गुरुवार रात को करीब 50 किलोमीटर तक निगरानी करने के बाद गिरफ्तार किया है। इस मामले में आगे की छानबीन डीआरआई की टीम कर रही है।

डीआरआई सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि गिरफ्तार की गई महिला के बारे में गोपनीय जानकारी मिली थी। यह महिला गुरुवार को दिल्ली से मुंबई के लिए बस से रवाना हुई। मुंबई से करीब 50 किलोमीटर पहले से ही डीआरआई की टीम महिला की निगरानी करने लगी थी। जैसे ही महिला मुंबई पहुंची डीआरआई की टीम ने उसे रोका और उसके सामान की तलाशी ली। अधिकारियों ने खाद्य पैकेट (ओट्स) और जूस टेट्रा पैक बरामद किए, जिनमें क्रिस्टलीय पदार्थ और गोलियां थीं। एनडीपीएस फील्ड टेस्ट किट का उपयोग करके प्रयोगशाला परीक्षण में पुष्टि हुई कि ये पदार्थ 2.56 किलोग्राम मेथामफेटामाइन और 584 ग्राम एक्स्टसी की गोलियां हैं।

डीआरआई ने महिला को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद के ऑपरेशन में अधिकारियों ने उस व्यक्ति को भी पकड़ लिया, जिसे यह खेप प्राप्त करनी थी। जब्त किए गए नशीले पदार्थों की कीमत अंतरराष्ट्रीय काला बाजार में लगभग 5 करोड़ रुपये होने का अनुमान है। नाइजीरियाई नागरिक को नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) अधिनियम, 1985 की लागू धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया है। फिलहाल आगे की जांच चल रही है।

—————

(Udaipur Kiran) यादव

Most Popular

To Top