
अमेठी, 1 जुलाई (Udaipur Kiran) । समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के 52वें जन्मदिवस पर अमेठी जनपद मुख्यालय गौरीगंज स्थित समाजवादी पार्टी के कार्यालय पर सपा नेता डॉक्टर सिद्धजीत सिंह और अमेठी जिलाध्यक्ष राम उदित यादव के साथ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मिलकर केक काट कर अपने नेता के दीर्घायु होने की कामना की। इस मौके पर सपा नेता डॉक्टर सिंधु जीत सिंह ने जिले के 52 जरूरतमंद लोगों को साइकिल भी वितरित किया।
इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के नेता डॉक्टर सिंधुजीत सिंह ने अभी हाल में ही समाजवादी पार्टी से निष्कासित गौरीगंज विधानसभा के विधायक राकेश प्रताप सिंह का नाम लिए बगैर कहा कि पिछले 15 वर्षों से विधायक बने हुए हैं। विधानसभा में सड़क, नालियां और खड़ंजा के साथ-साथ शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी सुविधाएं भी बदहाल हैं। हम लोगों के लिए हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष का निर्णय सर्वमान्य है। आने वाले समय में चाहे उपचुनाव हो अथवा 2027 में होने वाला विधानसभा चुनाव, गौरीगंज विधानसभा से फिर समाजवादी पार्टी ही जीतेगी। अभी तक उन्हें जो आशीर्वाद मिला है, वह समाजवादी पार्टी और संगठन की ही देन थी। इसका खामियाजा उन्हें आने वाले चुनाव में भुगतना पड़ेगा।
वहीं इस मौके पर समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष राम उदित यादव ने कहा कि उन्होंने संगठन और राष्ट्रीय अध्यक्ष के ऊपर टिप्पणी किया है। उनका दिमागी संतुलन ठीक नहीं है। ऐसे में ही आदमी उल्टी सीधी बातें करता है। अभी तक उन्होंने 15 वर्षों तक समाजवादी पार्टी से मलाई ही काटा है। अब मलाई मिलने का आसार खत्म होते देखा ताे दिमागी संतुलन खाे बैठे। संगठन ने उन्हें विधायक बनाया और जब लोकसभा तथा राज्यसभा चुनाव आया तो उन्होंने संगठन के साथ गद्दारी की।
—————
(Udaipur Kiran) / लोकेश त्रिपाठी
