
मंडी, 14 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । जिला मंडी भाजपा अध्यक्ष निहालचंद शर्मा ने कहा कि रेड क्रॉस की राष्ट्रीय प्रबंध समिति में डॉक्टर साधना ठाकुर का वोटिंग के माध्यम से चयन हिमाचल के लिए गौरव की बात भी है। उनके द्वारा लंबे समय से की जा रही सामाजिक सेवा की राष्ट्रीय स्तर पर स्वीकार्यता भी।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के लिए यह एक अत्यंत गर्व और सम्मान का विषय है कि प्रदेश की प्रसिद्ध चिकित्सक और सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. साधना ठाकुर को भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी की राष्ट्रीय प्रबंध समिति का सदस्य चुना गया है। रेड क्रॉस की नेशनल मैनेजिंग बॉडी के निर्वाचन के लिए देश के 26 राज्यों ने मतदान में हिस्सा लिया था। जिसमें से डॉ साधना ठाकुर को 26 के मुकाबले रिकॉर्ड 19 मत प्राप्त हुए। उन्होंने देश की एकमात्र महिला निर्वाचित होने का कीर्तिमान भी बनाया है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए डॉक्टर साधना ठाकुर को शुभकामनाएं भी दी।
निहाल चंद ने बताया कि यह उपलब्धि इसलिए भी महत्वपूर्ण है। क्योंकि डॉ. ठाकुर को देशभर के केवल 12 प्रतिष्ठित सदस्यों में से एक के रूप में चुनाव के माध्यम से इस उच्च स्तरीय समिति के लिए चुना गया है। डॉ. साधना ठाकुर का यह चयन मानवता की सेवा और समाज कल्याण के प्रति उनके अथक समर्पण को प्रमाणित करता है। डॉ. साधना ठाकुर की यह नई जिम्मेदारी हिमाचल प्रदेश के लिए एक बड़ी पहचान है। वह लंबे समय से रेड क्रॉस सोसायटी से जुड़ी हुई हैं और समाज सेवा के क्षेत्र में सक्रिय रही हैं।डॉ. ठाकुर के इस राष्ट्रीय प्रबंध समिति में शामिल होने से न केवल हिमाचल प्रदेश का गौरव बढ़ा है, बल्कि यह भी स्पष्ट हुआ है कि राज्य की समाज सेवा के प्रति समर्पण की भावना राष्ट्रीय स्तर पर सराही जा रही है।
—————
(Udaipur Kiran) / मुरारी शर्मा
