HimachalPradesh

डॉ. राजीव बिंदल ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पद का संभाला कार्यभार, पार्टी को सशक्त बनाने का लिया संकल्प

डॉ. राजीव बिंदल  भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पद का  कार्यभार संभालते हुए

शिमला, 01 जुलाई (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने सोमवार को पार्टी मुख्यालय दीप कमल चक्कर में विधिवत रूप से पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप, संगठन महामंत्री सिद्धार्थ, संजीव कटवाल सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।

इस अवसर पर डॉ. बिंदल ने कहा कि यह कार्यकर्ताओं के प्रेम और आशीर्वाद का परिणाम है कि उन्हें एक बार फिर प्रदेश अध्यक्ष का दायित्व सौंपा गया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा, केंद्रीय मंत्री अमित शाह, संगठन महामंत्री बी.एल. संतोष सहित समस्त राष्ट्रीय नेतृत्व के प्रति आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि पिछले कार्यकाल में उन्होंने प्रवास कर संगठन को मजबूती दी और कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद किया।

डॉ. बिंदल ने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर की कार्यकुशलता की सराहना करते हुए कहा कि दोनों नेताओं ने प्रदेश भर में पार्टी को मजबूती देने के लिए उल्लेखनीय कार्य किया है। उन्होंने कहा कि सदस्यता अभियान, लोकसभा चुनाव में सभी सीटें जीतना, 68 में से 61 विधानसभा क्षेत्रों में बढ़त दर्ज करना, 47,000 सक्रिय सदस्य बनाना, मंडलों की संख्या बढ़ाकर 171 करना और 7775 बूथों पर समितियां खड़ी करना इस कार्यकाल की प्रमुख उपलब्धियां रहीं।

डॉ. बिंदल ने कहा कि आने वाले दो साल चुनौतीपूर्ण हैं, लेकिन वे 24×7 पार्टी के लिए कार्य करेंगे। उन्होंने भ्रष्टाचार और झूठ की राजनीति को उखाड़ फेंकने, राष्ट्र प्रथम की भावना से कार्य करने और पार्टी को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का संकल्प लिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे कंधे से कंधा मिलाकर पार्टी को मजबूत करें, ताकि हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर कमल खिलाया जा सके।

—————

(Udaipur Kiran) शुक्ला

Most Popular

To Top