
शिमला, 28 जुलाई (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कांग्रेस सरकार और उसके मंत्री जगत सिंह नेगी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने नेगी के हालिया बयान को निंदनीय और अशोभनीय करार देते हुए कहा कि इससे न केवल मंडी और सिराज बल्कि पूरे हिमाचल की जनता का अपमान हुआ है, जो अक्षम्य अपराध है।
डॉ. बिंदल ने साेमवार काे कहा कि तिरंगा हमारी आन, बान और शान है। इस पर लाखों लोगों ने अपनी जान की कुर्बानी दी है। लेकिन आज तिरंगे की आड़ में कांग्रेस सरकार अपने पाप छुपाने की कोशिश कर रही है, जो प्रदेश की जनता के साथ धोखा और अन्याय है।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश के हजारों लोग अभी भी प्राकृतिक आपदाओं से त्रस्त हैं, लेकिन कांग्रेस सरकार और उसके मंत्री राहत कार्यों की बजाय केवल राजनीति में मस्त हैं। उन्होंने सरकार पर भाई-भतीजावाद और भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि यह सरकार केवल मित्रों की सरकार बनकर रह गई है, जो आम जनता की पीड़ा से पूरी तरह बेपरवाह है।
डॉ. बिंदल ने सरकार पर आरोप लगाया कि वह जनता की आवाज दबाने के लिए झूठे मुकदमे दर्ज करा रही है, संस्थानों को बंद किया जा रहा है और ऐसी परिस्थितियां पैदा की जा रही हैं कि लोग आत्महत्या तक करने को मजबूर हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह लोकतंत्र के खिलाफ है और भाजपा इसका हर स्तर पर विरोध करेगी।
डॉ. बिंदल ने चेतावनी दी कि यदि कांग्रेस सरकार इसी तरह तानाशाही और दमन की राजनीति करती रही तो हिमाचल की जनता उसे कभी माफ नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रदेशवासियों के हितों की रक्षा के लिए हर मोर्चे पर लड़ाई लड़ेगी।
—————
(Udaipur Kiran) शुक्ला
