
ऐप लॉन्च करके मुख्यमंत्री ने किया योजना का विधिवत शुभारंभ
भाजपा ने अपना चुनावी घोषणा का एक और संकल्प पूरा किया
हिसार, 25 सितंबर (Udaipur Kiran News) । भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. आशा खेदड़ ने प्रदेश में
विधिवत रूप से लाडो लक्ष्मी योजना का का ऐप लॉन्च करके इसका शुभारंभ किए जाने का स्वागत
किया है। उन्होंने कहा कि योजना के शुरू होने से जरूरतमंद महिलाओं को फायदा होगा और
वे आर्थिक रूप से मजबूत होंगी।
भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. आशा खेदड़ ने गुरुवार काे कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने
गुरुवार को विधिवत रूप से ऐप लॉन्च करके लाडो लक्ष्मी योजना का शुभारंभ कर दिया है।
इसके माध्यम से पात्र महिलाएं अपना पंजीकरण करवा सकती है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री
ने पिछले दिनों ही यह योजना शुरू करने की घोषणा की थी। योजना शुरू करने के साथ ही भाजपा
ने विधानसभा चुनाव के समय किए गए अपने एक अन्य वादे को मूर्तरूप दे दिया है।
डॉ. आशा खेदड़ ने कहा कि इस योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर पात्र महिलाओं
को महीने के 2100 रुपये की वित्तीय सहायता देना है। उन्होंने बताया कि इस योजना का
लाभ लेने के लिए महिला की उम्र 23 वर्ष या इससे अधिक होनी चाहिए। वह कम से कम 15 वर्ष
से हरियाणा की निवासी होनी चाहिए। इसके अलावा परिवार की आय एक लाख रुपए वार्षिक तक
होनी चाहिए, तृतीय व चतुर्थ श्रेणी के कैंसर पीड़ित महिला, दुर्लभ बीमारियों से ग्रसित
महिला, हीमोफीलिया, थैलेसीमिया, सिकल सेल एनीमिया से ग्रसित महिला जो पहले से किसी
अन्य सामाजिक सुरक्षा पेंशन का लाभ ले रही है, वह भी दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना के
लिए पात्र होंगी।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी राजेन्द्र सपड़ा, सोशल मीडिया प्रभारी अमर पातड़
व आईटी प्रमुख सुरेश जांगड़ा ने भी योजना का ऐप लॉन्च किए जाने का स्वागत किया है।
उन्होंने कहा कि इस वादे को पूरा करने के साथ ही भाजपा ने दर्शा दिया है कि उसकी कथनी
व करनी में कोई अंतर नहीं है।
(Udaipur Kiran) / राजेश्वर
