Uttar Pradesh

जौनपुर : जिला अस्पताल की डॉक्टर ने प्रसूता का इलाज करने से किया इंकार, जांच के आदेश

पीड़ित महिला की फोटो

जौनपुर, 4 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के जिला महिला अस्पताल में एक समुदाय विशेष की महिला का इलाज न किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना से जुड़ा एक वीडियो शनिवार को सार्वजनिक होने के बाद मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) ने जांच के आदेश दिए हैं।

चंदवक थाना क्षेत्र के बीरी बारी गांव निवासी शमा परवीन (27) पत्नी अरमान शाह, ने आरोप लगाया है कि प्रसव पीड़ा होने पर उन्हें महिला जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इस दौरान उन्हें अस्पताल कर्मचारियों की लापरवाही के कारण परेशानी झेलनी पड़ी। एक महिला चिकित्सक के साथ मौजूद कर्मचारी ने उनके साथ भेदभावपूर्ण व्यवहार किया है। उन्होंने मुस्लिम होने के कारण उनका इलाज करने से इनकार कर दिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया गया। वीडियाे सार्वजनिक हाेने के बाद भी जिला महिला अस्पताल में कोई भी चिकित्सक उनकी नॉर्मल डिलीवरी कराने को तैयार नहीं हुआ। उन्हें डिलीवरी के संबंध में विभिन्न प्रकार से डराया भी गया।

इसके बाद, अरमान शाह की पत्नी शमा परवीन को जिला महिला अस्पताल से नौपेड़वां सीएचसी में भर्ती कराया। वहां एक सरकारी चिकित्सक ने उनकी नॉर्मल डिलीवरी करवाई। महिला ने एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया। अरमान ने कहा कि एक सरकारी अस्पताल में सामान्य डिलीवरी हुई, जबकि दूसरे जिला महिला अस्पताल में मरीज के साथ अभद्र व्यवहार किया गया।

इस मामले में सीएमओ डॉ. लक्ष्मी सिंह ने बताया कि यह बहुत ही निदंनीय घटना है। कोई महिला डॉक्टर ऐसे बोल सकती है, यह विश्वास भी नहीं होता है। यह बहुत ही गलत बात है। हम डॉक्टर है और हमें जाति पात काे न देखकर मानवता का ध्यान में रखकर इलाज करना चाहिए। इस मामले की निष्पक्ष जांच हाेगी। सीएमएस डॉ. महेंद्र गुप्ता ने जांच कमेटी बैठाई है, जो भी इसमे दोषी होगा उसके खिलाफ शासन को कार्यवाही के लिए पत्र भेज जाएगा।——————

(Udaipur Kiran) / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Most Popular

To Top