


अमेठी, 27 नवंबर (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में चल रहे विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान में आवेदन प्रपत्रों के वितरण, संग्रह एवं डिजिटाइजेशन की प्रगति को गति देने के लिए प्रशासन निरंतर निगरानी कर रहा है। इसी क्रम में जिन बीएलओ ने अभियान के दौरान उत्कृष्ट कार्य करते हुए उच्चतम प्रतिशत में डिजिटाइजेशन पूरा किया, उन्हें जिलाधिकारी संजय चौहान ने कलेक्ट्रेट सभागार में गुरुवार काे अंगवस्त्र एवं 1100 रुपये की प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया है।
इस अभियान में सबसे उत्कृष्ट प्रदर्शन विधानसभा तिलोई के बूथ संख्या 387 की बीएलओ रोशनी देवी (आंगनवाड़ी कार्यकर्ता) ने किया है, जिन्होंने 88.34 प्रतिशत प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन पूरा कर जिले में शीर्ष स्थान हासिल किया। वहीं, विधानसभा अमेठी के बूथ संख्या 100 के बीएलओ लाल साहब सिंह (शिक्षामित्र) ने 86 प्रतिशत डिजिटाइजेशन कार्य पूरा कर सराहनीय प्रदर्शन किया है। उनके बूथ की प्रगति को जिले में बेहतरीन उदाहरण माना जा रहा है। इसी प्रकार विधानसभा जगदीशपुर के बूथ संख्या 101 के बीएलओ बृजेश कुमार तिवारी (रोजगार सेवक) ने 83.85 प्रतिशत डिजिटाइजेशन कर अभियान को उल्लेखनीय गति प्रदान की। इस अभियान के अंतर्गत विधानसभा गौरीगंज के बूथ संख्या 313 के बीएलओ मोहम्मद वसीम (रोजगार सेवक) ने अब तक 80.55 प्रतिशत गणना प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन पूरा किया है। उनके सतत प्रयासों ने बूथ स्तर पर न केवल कार्य की रफ्तार बढ़ाई है, बल्कि मतदाता सूची की गुणवत्ता में भी सुधार सुनिश्चित किया है।
इन सभी बीएलओ को डीएम संजय चौहान ने अंगवस्त्र एवं 1100 रुपये की प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया। डीएम ने कहा कि अभियान की सफलता में बीएलओ की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है और ऐसे उत्कृष्ट कार्यकर्ताओं को आगे भी प्रोत्साहित किया जाता रहेगा।
—————
(Udaipur Kiran) / लोकेश त्रिपाठी