
रांची, 26 सितंबर (Udaipur Kiran News) । पुंदाग स्थित श्री राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर में नवरात्रि के पावन अवसर पर प्रणामी ट्रस्ट ने शुक्रवार को नारी शक्ति को समर्पित विशेष कार्यक्रम आयोजित किया।
इस अवसर पर 50 महिलाओं को आत्मरक्षा और शक्ति के प्रतीक स्वरूप तलवारें वितरित की गईं।
कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चारण और मां दुर्गा की पूजा-अर्चना से हुई।
मौके पर ट्रस्ट के प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने कहा कि नवरात्रि शक्ति की आराधना का पर्व है और नारी ही शक्ति का स्वरूप है। आज की नारी केवल सहनशीलता की प्रतिमूर्ति नहीं, बल्कि जरूरत पड़ने पर अपने और समाज की रक्षा के लिए शस्त्र भी उठा सकती है। उन्होंने तलवार को आत्मविश्वास, साहस और सम्मान का प्रतीक बताया। ट्रस्ट ने घोषणा किया कि विजयादशमी पर मंदिर परिसर में विशाल अस्त्र-शस्त्र पूजन और 200 तलवारों का और वितरण किया जाएगा।
इस मौके पर पुजारी अरविंद पांडे, नंदकिशोर चौधरी, विशाल जालान सहित ट्रस्ट के अन्य सदस्यों ने भी विचार रखे और महिलाओं को आत्मरक्षा तथा नारी शौर्य से जुड़े प्रेरक संदेश दिया।
कार्यक्रम में नृत्य श्री डांस स्टूडियो की संयोजिका पिंकी सिंह, राम सोनी, विद्या देवी अग्रवाल, अमिता जालान, सुमन चौधरी, अनुराधा सर्राफ, रेखा पोद्दार, ललिता पोद्दार, रिंकी पांडे, अनीता अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में महिलाएं और अन्य मौजूद थे।
—————
(Udaipur Kiran) / Manoj Kumar
