RAJASTHAN

गुरु पूर्णिमा : गुरूओं के प्रति शिष्यों ने जताया आभार

jodhpur

गुरु पीठों, मठ व आश्रमों में श्रद्धापूर्वक हुआ गुरु पूजन

जोधपुर, 10 जुलाई (Udaipur Kiran) । गुरु व शिष्य के प्रेम, आदर स्नेह का प्रतीक गुरु पूर्णिमा पर्व गुरुवार को भक्तिभाव से श्रद्धापूर्वक मनाया गया। गुरु पूर्णिमा पर शहर में विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। शहर के सभी गुरु पीठों, मठ व आश्रमों में भक्तों ने अपने गुरुओं के दर्शन कर पूजन किया। शिष्यों ने अपने जीवित गुरुजनों को माल्यार्पण कर आशीर्वाद प्राप्त किया और जिनके गुरु देवलोकगमन हो गए है उन्होंने उनके पादुकाओं और फोटो पर माल्यार्पण कर गुरु पूर्णिमा का आशीर्वाद लिया। इस दौरान कई जगह पर भजनों और फूलमंडली का आयोजन करने के साथ गुरु पूर्णिमा की प्रसादी का आयोजन भी किया गया।

गुरु पूर्णिमा पर्व पर धार्मिक स्थानों एवं गुरुजनों के मठों व आश्रमों में रूद्राभिषेक, पादुका पूजन एवं गुरु पूजन सहित अनेक धार्मिक कार्यक्रम हुए। गुरु और शिष्य के इस पावन पर्व पर शहर के अजनेश्वर आश्रम, दादा दरबार सिद्धनाथ, परमहंस किशनागिरी खरज आश्रम, मंडोर शंकर मठ, रामद्वारा में श्रद्धालुओं की भीड़ रही। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर शास्त्री नगर सेक्टर बी स्थित दुर्गा मन्दिर में गुरु पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धापूर्वक मनाया गया। यहां पंडित महेंद्र व्यास के सानिध्य में कार्यक्रम हुए। कार्यक्रमों के तहत पादूका पूजन, आरती, प्रसादी व कीर्तन किया गया।

यहां -यहां हुए आयोजन :

सिद्धनाथ पीठ में आरती :

तखतसागर की पहाडिय़ों में संतों की तपोभूमि सिद्धनाथ पीठ में नारायण स्वामी, नेपाली बाबा सहित तमाम गुरुजनों की समाधिओं पर फूल मंडली की गई और आरती हुई। यहां गुरु पूर्णिमा पर्व के उपलक्ष्य में मेला भरा गया। सुबह गुरु पादुका पूजन व धार्मिक अनुष्ठान किए गए। इसके बाद दिनभर श्रद्धालुओं के आने का क्रम जारी रहा। गुफा में कमल गिरी महाराज और बालक गिरी महाराज का गुरु भक्तों द्वारा चरण पूजन किया गया।

श्री ऋषिकुलधाम सेवा संस्थान ट्रस्ट :

श्री ऋषिकुलधाम सेवा संस्थान ट्रस्ट शक्ति नगर गली नंबर चार में गुरु पूजन धूमधाम से किया गया। ट्रस्टी भंवरलाल बाहेती ने बताया कि गुरु पूर्णिमा के अवसर पर रुद्राभिषेक, गीता पाठ, शंकराचार्य पूजन, गुरुदेव पूजन, प्रसादी का आयोजन किया गया। चौपासनी स्थित अध्यात्म विज्ञान सत्संग केंद्र में सद्गुरुदेव रामलाल सियाग के शिष्यों द्वारा गुरुपूर्णिमा महोत्सव मनाया गया। संस्था के अध्यक्ष डॉ. कुलदीप रतनू ने बताया कि इस समारोह में भाग लेने के लिए सद्गुरुदेव सियाग के शिष्य देश के विभिन्न भागों से जोधपुर पहुंचे।

भूतनाथ में दिखा भक्तिभाव :

भूतनाथ मंदिर में सिद्धपीठ गढ सिवाना के गादीपति नृत्य गोपाल रामजी महाराज का चातुर्मास शुभारंभ एवं गुरुपूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा, आस्था एवं भक्ति भाव से मनाया गया। भूतनाथ मंदिर परिसर में नृत्यगोपालराम महाराज आज पधारे। इस अवसर पर संत गोपालराम ने गुरु की आरती की।

अजनेश्वर आश्रम में पूजन आरती :

शहर के अजनेश्वर आश्रम में भक्तों ने शांतेश्वर महाराज का पूजन किया। श्रद्धालुओं ने गुरु चरणों में मन वचन कर्म से नमन किया। अखिल भारतीय सैन भक्ति पीठ की ओर सैनाचार्य अचलानंदगिरि के सान्निध्य में रातानाडा माहेश्वरी भवन में गुरु पूर्णिमा महोत्सव के दौरान सामाजिक सरोकार के तहत लोगों को नशा छोडऩे और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दिलाया गया।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री जोगाराम पटेल, पूर्व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया सहित कई जनप्रतिनिधियों ने सैनाचार्य का सम्मान कर आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम के तहत गुरु पादूका पूजन, हवन, गुरु दीक्षा, अभिषेक, सम्मान समारोह, गुरु पूजन सहित अनेक धार्मिक कार्यक्रम हुए।

सूरसागर बड़ा रामद्वारा :

सूरसागर स्थित बड़ा रामद्वारा में गुरु पूर्णिमा उत्सव महन्त डॉ. रामप्रसाद के सानिध्य में मनाया गया। रामद्वारा में गादी, देवल, समाधि पूजन व गुरुपूजन के लिए मारवाड़ सहित देश के विभिन्न शहरों से श्रद्धालु जोधपुर पहुंचे। सिंवांची गेट गड्डी स्थित सतगुरु देव आश्रम अवतार धाम न्सास सोहमगढ में गुरु पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धापूर्वक मनाया गया।

आश्रम के प्रवक्ता सुमनेश व्यास ने बताया कि सुबह ध्वजारोहण के बाद सोहम भजन मंडल और नामचीन कलाकारों द्वारा भजन गायन और प्रसादी का आयोजन हुआ।

सद्गगुरु गुलाबदास सेवा संस्थान :

माता का थान शिक्षक नगर स्थित सद्गगुरु गुलाबदास सेवा संस्थान में भक्तों ने स्वामी रामप्रकाश महाराज का पूजन-अर्चन कर आशीर्वाद लिया। इससे पूर्व सद्गगुरु गुलाबदास महाराज की चरण पादुका का पूजन किया गया। आगंतुक भक्तों के लिए प्रसादी की व्यवस्था की गई।

श्री पीपलेश्वर महादेव मंदिर में गुरू पूजन :

ओल्ड कैंपस के सामने स्थित श्री पीपलेश्वर महादेव मंदिर में मंदिर ट्रस्ट की ओर से मंदिर के महंत श्रीधरगिरी महाराज के सानिध्य में गुरु पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धापूर्वक मनाया गया। जिसमें हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिवप्रताप शुक्ला सहित अनेक श्रद्धालु शामिल हुए।

जूना रामद्वारा चांदपोल में महोत्सव मनाया :

जूना रामद्वारा चांदपोल में रामस्नेही संत अमृतराम के सान्निध्य में गुरुपूर्णिमा महोत्सव मनाया गया। कमला नेहरू नगर क्षेत्र के समन्वय धाम में अभिषेक व सुंदरकाण्ड पाठ के बाद संत सत्यमित्रानंद के चरण पादूका का पूजन किया गया। इसी प्रकार तापडिया बेरा चांदपोल के बाहर शक्तिपीठ बाबा प्रकाशपुरी आश्रम में गादीपति संत रूकमणपुरी के सानिध्य में गुरु पूर्णिमा महोत्सव मनाया गया। सुबह रूद्राभिषेक सहित धार्मिक अनुष्ठान किए गए।

शिव-शक्ति आश्रम में महंत का पूजन :

सूरपुरा डैम के पास स्थित शिव-शक्ति आश्रम के महंत कमलानंदपुरी के सानिध्य में गुरुपूर्णिमा महोत्सव मनाया गया। रामराज नगर (चौखा भाकर) स्थित हिंगलाज माता मंदिर, बलवन्त गिरी महाराज के आश्रम में गुरु पूर्णिमा महोत्सव मनाया गया। मंडल श्रीमहंत सर्वानंद गिरी ने बताया कि सुबह से शाम तक गुरु पूजन एवं महाप्रसादी का आयोजन हुआ।

यहां भी आयोजन :

रातानाडा सुभाष चौक स्थित गुरु निहाल गिरी एवं गुरु लक्ष्मण गिरि सन्यास आश्रम (गुरु मढ़ी) में गुरु पूर्णिमा श्रद्धापूर्वक मनाया गया। महन्त ज्योतिषाचार्य सुरजाराम महाराज साहेब सत्संग मंडल द्वारा कबीर आश्रम माधोबाग में आश्रम के गादिपति गुरुदेव डॉ. रूपचन्ददास महाराज के सानिध्य में गुरु पूर्णिमा पर्व मनाया गया। आश्रम के प्रवक्ता इंजि ल़क्ष्मीचन्द धारीवाल ने बताया कि आश्रम मेें सभी शिष्यों एवं भक्तजनों द्वारा गुरुदेव की चरण पादुका का पूजन किया जाएगा। सूरसागर गांव गेंवा कनावतों का बास स्थित श्री काहवा गोगाजी महाराज धाम सीताराम आश्रम में धाम की गादीपति साध्वी सीमा किशोरी महाराज के सानिध्य में गुरु पूर्णिमा महोत्सव मनाया गया। इस अवसर पर सुबह से शाम गुरु पूजन व दोपहर में संकीर्तन का आयोजन किया गया।

(Udaipur Kiran) / सतीश

Most Popular

To Top