Madhya Pradesh

धार: राऊ-खलघाट फोरलेन पर कार सवार परिवार के साथ लूट, लाठियों से हमला कर गहने लूटे

राऊ-खलघाट फोरलेन पर कार सवार परिवार के साथ लूट

धार, 12 जुलाई (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश के धार जिले में लूट की बड़ी घटना सामने आई है। यहां राऊ-खलघाट फोरलेन के गुजरी बायपास पर शुक्रवार देर रात करीब काे नकाब पहने बदमाशों ने कार सवार परिवार काे लूट लिया। बदमाशाें ने लाठियाें से हमला कर साेने के गहने लूट लिए। घटना के बाद कार सवार सभी लोग खरगोन जिले की काकड़दा पुलिस चौकी पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद काकड़दा पुलिस एवं धामनोद पुलिस चारों ओर तलाश में जुट गई। वहीं परिजनों को इलाज के लिए धामनोद अस्पताल भेजा गया।

जानकारी के अनुसार महाजन परिवार के लाेग कार से खरगोन से इंदौर जा रहे थे। कार में वल्लभ सुरेशचंद्र महाजन, सचिन सुरेशचंद्र महाजन, शारदा महाजन, रेखा सचिन महाजन और भांजी निशि महाजन थे। शुक्रवार रात करीब 11 बजे राऊ-खलघाट फोरलेन के गुजरी बायपास पर कार का टायर अचानक पंचर हो गया था। कुछ दूरी चलने के बाद गाड़ी रोकनी पड़ी। इसी दौरान जब टायर बदला जा रहा था, तभी पांच अज्ञात लोग मुंह पर कपड़ा बांधकर वहां पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए लाठियों से हमला कर दिया। उन्होंने सभी के सोने के आभूषण छीन लिए। इस दौरान सचिन महाजन, वल्लभ महाजन और उनकी माता को चोटें आईं। सचिन की माता के कान से सोने का आभूषण खींचने में उनका कान कट गया। सभी घायलों को धामनोद के शासकीय अस्पताल लाया गया। घटना की जानकारी मिलते ही गुरुकुल स्कूल के संचालक, भंडारी परिवार और अग्रवाल समाज के लोग अस्पताल पहुंच गए। रात करीब 1:30 बजे घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद धामनोद थाने पर अज्ञात चोरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। पूरे मामले में धामनोद पुलिस आसपास के क्षेत्र में जांच कर रही है।

—————

(Udaipur Kiran) / नेहा पांडे

Most Popular

To Top