
धमतरी धमतरी, 18 सितंबर (Udaipur Kiran) । खेल विभाग द्वारा क्रीड़ा प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत धमतरी नगर पालिक निगम को 10 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। यह उपलब्धि कलेक्टर के मार्गदर्शन और निगम आयुक्त प्रिया गोयल तथा खेल अधिकारी पीयूष तिवारी के निरंतर प्रयासों का परिणाम है।
निगम द्वारा तैयार किए गए प्रस्ताव में खेल मैदानों के उन्नयन, व्यायामशालाओं के सुदृढ़ीकरण, खिलाड़ियों के लिए खेल सामग्रियों की उपलब्धता और प्रतियोगिताओं के आयोजन की रूपरेखा प्रस्तुत की गई थी। विभाग ने इस प्रस्ताव का सकारात्मक मूल्यांकन कर राशि स्वीकृत की। इससे पहले निगम ने खिलाड़ियों और कोचों की बैठक आयोजित कर उनकी आवश्यकताओं को प्राथमिकता दी थी। योजना का उद्देश्य युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करना, उनकी प्रतिभा को निखारना और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना है। खेल जगत में सुधार की दिशा में महापौर रामू रोहरा द्वारा लगातार प्रयास किया जा रहा है। भविष्य की योजनाओं में नगर के प्रमुख खेल मैदानों का सुधार, खिलाड़ियों को आवश्यक किट व उपकरण उपलब्ध कराना तथा महिला खिलाड़ियों हेतु विशेष प्रशिक्षण शिविर का आयोजन शामिल है। निगम प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि स्वीकृत राशि का उपयोग पूर्ण पारदर्शिता के साथ खिलाड़ियों के हित में किया जाएगा। आयुक्त प्रिया गोयल ने कहा कि आने वाले समय में खेल मैदान, ओपन जिम और प्रशिक्षण केंद्रों के विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। क्रीड़ा प्रोत्साहन योजना से मिली यह राशि धमतरी के खेल इतिहास में नया अध्याय जोड़ेगी और खिलाड़ियों को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करेगी।
(Udaipur Kiran) / रोशन सिन्हा
