Chhattisgarh

धमतरी जिले को मिली 83 करोड़ से अधिक के विकास कार्य की स्वीकृति

मंच से 51 महतारी सदन का वर्चुअल शुभारंभ करते हुए सीएम विष्णुदेव साय।
कार्यक्रम स्थल पर बैठी हुई जनता।
कार्यक्रम के दौरान खड़े हुए दाएं से तीसरे क्रम में सांसद रूपकुमारी चौधरी, सीएम विष्णुदेव साय व अन्य।

नवीन महाविद्यालय और आईटीआई सहित अन्य घोषणाएं

धमतरी, 23 सितंबर (Udaipur Kiran News) । मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 23 सितंबर को कुरुद विधानसभा क्षेत्र के ग्राम करेली बड़ी में आयोजित प्रदेश स्तरीय महतारी सदन के लोकार्पण समारोह में शामिल हुए। उन्होंने करेली बड़ी में मंच से छत्तीसगढ़ प्रदेश के 51 महतारी सदन का रिमोट से बटन दबाकर शुभारंभ किया। इसके अलावा ग्राम संपदा एप्प तथा मनरेगा की समग्र जानकारी पर आधारित नागरिक सूचना पटल (क्यू आर कोड) का भी शुभारंभ किया। साथ ही ’लखपति दीदी/ महतारी सदन और ’’मां अभियान’’ पुस्तिका का विमोचन किया। इस दौरान उन्होंने विभागीय स्टालों का निरीक्षण करके हितग्राहियों को वितरित किए चेक व प्रमाण पत्र वितरित किए।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा गृहमंत्री विजय शर्मा, राजस्व एवं जिले के प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा, महासमुंद लोकसभा सांसद रूपकुमारी चौधरी, विधायक कुरुद अजय चन्द्राकर प्रमुख रूप से उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश के विभिन्न जिलों जशपुर (रेंगले), बेमेतरा (लिंझेवारा), मुंगेली (नवागांव), दुर्ग (नगपुरा) की समूह की महिलाओं से वर्चुअल बातचीत की। उन्हें महतारी सदन और नवरात्रि पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार 19 महीने के संक्षिप्त कार्यकाल में मोदी की गारंटी को पूर्ण करने प्रयास कर रही है। मातृ शक्ति को साशक्त करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। समूह की महिलाएं सिलाई-कढ़ाई, सब्जी उत्पादन, स्वरोजगार प्रशिक्षण जैसे अनेक कार्यों को एक भवन के नीचे अंजाम दे पाएंगी।

मार्च 2026 तक बनेगा छत्तीसगढ़ नक्सलवाद मुक्त प्रदेश:

उन्हाेंने बताया कि छत्तीसगढ़ सरकार रामलला दर्शन योजना, मुख्यमंत्री तीर्थयात्रा योजना, महतारी वंदन योजना जैसी अनेक महत्वाकांक्षी योजनाएं संचालित कर रही है। मुख्यमंत्री ने नई औद्योगिक नीति का जिक्र करते हुए कहा कि इसमें युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की असीम संभावनाएं हैं। केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह की मंशानुसार मार्च 2026 तक छत्तीसगढ़ को नक्सलवाद मुक्त प्रदेश के संकल्प को दोहराया।

गृह मंत्री विजय शर्मा ने कहा कि महिलाओं को अटल डिजीटल सेवा केन्द्र में अपने गांव में ही राशि निकालने की सुविधा आसानी से उपलब्ध हो रहीं है। जिले के प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा तथा सांसद चौधरी ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर मुंगेली उप मुख्यमंत्री अरूण साव एवं अन्य जिलों से सांसद, विधायक एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि भी जुड़े। कार्यक्रम में प्रदेशभर के समूह की दो लाख महिलाएं भी शामिल हुई।

करेली बड़ी में बनेगा महाविद्यालय, जीजामगांव में आईटीआई:

इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने कुरुद विधायक अजय चन्द्राकर की मांग पर जिले को 83 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की स्वीकृति दी। इसके अलावा उन्होंने ग्राम करेली बड़ी में महाविद्यालय की स्थापना की घोषणा की। वहीं कुरुद के जीजामगांव में नवीन आईटीआई की स्वीकृति, ग्राम पंचायत करेली बड़ी एवं ग्राम खट्टी को मिलाकर नगर पंचायत का दर्जा देने की घोषणा की। साथ ही नगर पंचायत कुरुद एवं भखारा में शहरी जल प्रदाय योजना का विस्तार 30 करोड़ रुपये की लागत से, भेण्डरी से बरोंडा एनीकट निर्माण के लिए 45 करोड़ रुपये की स्वीकृति, नगर पंचायत कुरुद को नगरपालिका परिषद् का दर्जा और नगर पंचायत कुरुद में विभिन्न विकास कार्यों के लिए दो करोड़ और नगर पंचायत भखारा के लिए डेढ़ करोड़ रुपये और खट्टी एनीकट मरम्मत के लिए पांच करोड़ रुपये की घोषणा शामिल है। इसके पहले उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने भेण्डरी में गौरव पथ निर्माण की भी घोषणा मंच से की।

(Udaipur Kiran) / रोशन सिन्हा

Most Popular

To Top