
जोधपुर, 02 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती गुरुवार को विभिन्न कार्यक्रमों के साथ मनाई गई। इस दौरान शहर में कई कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। शुक्रवार को ही पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती भी मनाई गई। इस अवसर पर दोनों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर कांग्रेस और भाजपा ने दोनों को याद किया। कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनकी प्रतिमाओं और तस्वीरों पर पुष्पांजलि अर्पित की। एमजीएच रोड स्थित कांग्रेस के जिला कार्यालय में कांग्रेस नेताओं व पदाधिकारियों ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित की। साथ ही उनके विचारों पर चलने का आह्वान किया। कांग्रेस के उत्तर जिलाध्यक्ष सलीम खान, दक्षिण जिलाध्यक्ष नरेश जोशी, पूर्व राज्य मंत्री राजेंद्र सिंह सोलंकी, पूर्व महापौर मनीषा पंवार सहित अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने पुष्पांजलि अर्पित की।
वहीं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर सेवा पखवाड़े के अंतर्गत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जन्म जयंती पर भाजपा शहर जिलाध्यक्ष राजेन्द्र पालीवाल के नेतृत्व में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। संभाग मीडिया संयोजक जगदीश धाणदिया ने बताया कि मेडिकल कॉलेज के बाहर महात्मा गांधी की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित की। वहीं शास्त्री सर्कल चौराहा पर भी स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। भारतीय जनता पार्टी देहात दक्षिण की ओर से जिला कलेक्टर कार्यालय स्थित गमहात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। इस दौरान कैबिनेट मंत्री जोगाराम पटेल सहित कई भाजपा नेताओं ने पुष्पांजलि अर्पित की।
महात्मा गांधी के जीवन पर आधारित प्रदर्शनी लगाई
अन्तरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस एवं सेवा पर्व पखवाड़ा के अन्तर्गत वृताधीन सरदार राजकीय संग्रहालय उम्मेद उद्यान में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के जीवन वृत पर आधारित एक दिवसीय छाया चित्र प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग जोधपुर वृत जोधपुर के अधीक्षक इमरान अली ने बताया कि इस प्रदर्शनी का शुभारम्भ पद्मश्री शीन काफ निज़ाम के कर कमलों द्वारा हुआा। चित्र प्रदर्शनी दीर्घा समस्त देशी-विदेशी पर्यटकों के अवलोकनार्थ सुबह दस से शाम सवा पांच बजे तक लगाई गई तथा इसके लिए प्रवेश नि:शुल्क रहा।
गांधी जयंती के साथ ही कल्याण दिवस मनाया
समाज कल्याण सप्ताह के अंतर्गत शुक्रवार को महात्मा गांधी जयंती के साथ ही अनुसूचित जातियों का कल्याण दिवस समारोहपूर्वक पीएम श्री महात्मा गांधी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय ओलंपिक रोड में संभागीय आयुक्त डॉ. प्रतिभा सिंह के मुख्य आतिथ्य में मनाया गया।
इस अवसर पर सर्वधर्म प्रार्थना सभा के साथ महात्मा गांधी के प्रिय भजन रघुपति राघव राजा राम का गायन नेत्रहीन विद्यालय कमला नेहरू नगर के बालक बालिकाओं द्वारा किया गया। कार्यक्रम में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के संयुक्त निदेशक अनिल व्यास ने धन्यबाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर सहायक निदेशक मगराज कटारिया, जिला अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी कमल किशोर, अधीक्षक नारी निकेतन रेखा शेखावत, सामाजिक सुरक्षा अधिकारी ओम पाल सिंह, शिकुनराम फिड़ोदा, दीपिका विश्नोई, गांधीवादी विचारक सत्यनारायण गौड़ सहित कई विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और विद्यार्थी उपस्थित रहे।
(Udaipur Kiran) / सतीश
