-अलकनंदा-मंदाकिनी नदियां खतरे के निशान पर
देहरादून, 12 जुलाई (Udaipur Kiran) । उत्तराखंड में भारी बारिश और प्राकृतिक चुनौतियों के बावजूद चारधाम यात्रा जोर-शोर से जारी है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, शनिवार तक बद्रीनाथ में 1,54,276, केदारनाथ में 13,46,831, गंगोत्री में 5,97,521, यमुनोत्री में 10,02,000 और हेमकुंड साहिब में 2,10,090 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। शुक्रवार को बद्रीनाथ में 1,567, केदारनाथ में 2,216, गंगोत्री में 2,137, यमुनोत्री में 1,002 और गोमुख में 124 तीर्थयात्री पहुंचे। कुल मिलाकर, अब तक 38,64,333 श्रद्धालु चारधाम यात्रा में शामिल हो चुके हैं।
हालांकि, भारी बारिश और भूस्खलन ने यात्रा को प्रभावित किया है। अलकनंदा और मंदाकिनी नदियां खतरे के निशान के करीब बह रही हैं, जिसके चलते प्रशासन ने सतर्कता बरतने की सलाह दी है। आपातकालीन परिचालन केंद्र के मुताबिक, 23 मार्ग अवरुद्ध हैं, जिन्हें खोलने का कार्य तेजी से चल रहा है। केदारनाथ राष्ट्रीय मार्ग और ऋषिकेश-श्रीनगर-रुद्रप्रयाग मार्ग सुचारू हैं।
यात्रा के दौरान अब तक 169 लोग हताहत हुए हैं, जिनमें 143 की मृत्यु खराब स्वास्थ्य, 15 की अन्य कारणों और 5 की प्राकृतिक आपदा के कारण हुई। इसके अलावा, 5 लोग घायल और 1 लापता है। प्रशासन ने यात्रियों से सुरक्षित स्थानों पर रहने और स्थानीय दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
—————
(Udaipur Kiran) / राम प्रताप मिश्र
