
भोपाल, 27 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल आज सोमवार को सायं 4 बजे राजधानी भोपाल के चार इमली स्थित फॉरेस्ट रेस्ट हाउस के बहुउद्देशीय हॉल में सेवानिवृत्त आईएफएस एस.आर. रावत के अपने 37 वर्षों के सेवाकाल के जंगलों के खट्टे-मीठे संस्मरणों पर केन्द्रित पुस्तक एक फॉरेस्ट ऑफिसर की डायरी” का विमोचन करेंगे। इस अवसर पर वन राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार, प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख व्ही.एन. अम्बाड़े और वन अधिकारी उपस्थित रहेंगे।
जनसंपर्क अधिकारी के.के. जोशी ने बताया कि भारतीय वन सेवा मध्य प्रदेश के सेवानिवृत्त प्रधान मुख्य वन संरक्षक एस.आर. रावत के 37 वर्षों के सेवाकाल का यह संस्मरण एक जीवंत दस्तावेज है। 15 अध्याय की यह पुस्तक फॉरेस्ट कॉलेज की प्रशिक्षण अवधि से लेकर सेवानिवृत्ति तक की लगभग 4 दशकों की यात्रा का प्रमाणिक वर्णन प्रस्तुत करती है। पुस्तक में प्रकृति के सान्निध्य में बिताए गये अविस्मरणीय क्षणों, वन्य-जीवों, विविध मैदानी चुनौतियों के प्रत्यक्ष अनुभवों का व्यापक चित्रण छोटी-छोटी सच्ची कहानियों के माध्यम से किया गया है। पुस्तक में लेखक महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के विविध वन क्षेत्रों में किये गये वानिकी कार्यों और संरक्षण प्रयासों से जुड़े अपने गहन अनुभव से अवगत कराते हैं।
—————
(Udaipur Kiran) / नेहा पांडे
