Madhya Pradesh

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने एम्स भोपाल की व्यवस्थाओं का किया अवलोकन

उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने एम्स भोपाल की व्यवस्थाओं का किया अवलोकन
उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने अस्‍पताल पहुंचकर पूर्व विधायक धीरेंद्र सिंह धीरू का कुशल क्षेम जाना

– प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने विभिन्न विषयों पर की चर्चा

भोपाल, 4 सितम्बर (Udaipur Kiran) । मध्‍य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने गुरुवार काे एम्स भोपाल का दौरा कर वहां की चिकित्सा व्यवस्थाओं एवं अधोसंरचना का अवलोकन किया। उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने एम्स भोपाल द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सहज एवं सुलभ बनाने के लिए किए जा रहे विभिन्न नवाचारों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए एम्स जैसे अग्रणी संस्थानों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। एम्स भोपाल के कार्यपालक निदेशक प्रो. (डॉ.) माधवानंद ने एम्स की वर्तमान स्वास्थ्य सेवाओं तथा भविष्य की योजनाओं की विस्तार से जानकारी प्रदान की।

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने विश्वास व्यक्त किया कि एम्स भोपाल के अनुभव एवं नवाचार प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी व गुणवत्तापूर्ण बनाने में सहायक सिद्ध होंगे। इस दौरान प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को नई तकनीक एवं आधुनिक संसाधनों से सशक्त करने, अनुसंधान आधारित चिकित्सा सेवाओं को बढ़ावा देने तथा जनसामान्य को उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने संबंधी विभिन्न आयामों पर वृहद चर्चा हुई। इस दौरान उप संचालक प्रशासन संदेश जैन सहित एम्स के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

उप मुख्यमंत्री ने पूर्व विधायक धीरेंद्र सिंह धीरू का कुशल क्षेम जाना

उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने एम्स भोपाल में स्वास्थ्य लाभ प्राप्त कर रहे सतना के पूर्व विधायक धीरेंद्र सिंह धीरू से भेंट कर उनके कुशल क्षेम की जानकारी ली और शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

(Udaipur Kiran) / उम्मेद सिंह रावत

Most Popular

To Top