
सभी के जीवन में नया उत्साह और नई ऊर्जा लेकर आता है दीपावली पर्व – उप मुख्यमंत्री शुक्ल
भोपाल, 19 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल और जगदीश देवड़ा ने प्रदेशवासियों को दीपावली की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने रविवार को अपने शुभकामना संदेश में कहा कि प्रकाश का यह पर्व अंधकार पर प्रकाश, असत्य पर सत्य और अन्याय पर न्याय की विजय का प्रतीक है। दीपावली का उत्सव हम सभी के जीवन में नया उत्साह और नई ऊर्जा लेकर आता है।
उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा है कि इस दिन प्रभु श्रीराम की अयोध्या वापसी पर पूरी अयोध्या दीपों की पंक्तियों से आलोकित हुई थी। उसी भावना से हमें अपने जीवन, समाज और प्रदेश को भी उजियारे से भर देना चाहिए। उन्होंने कहा कि दीपावली का यह उत्सव न केवल प्रकाश और उल्लास का पर्व है, बल्कि अच्छाई की विजय, मर्यादा, त्याग और आदर्श जीवन के प्रेरणास्रोत श्रीराम के संदेशों को आत्मसात करने का अवसर भी है।
उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि दीपावली का पर्व हमें स्वच्छता, स्वास्थ्य और सद्भाव का संदेश देता है। उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने आग्रह किया कि त्योहार के दौरान खान-पान में संयम रखें, स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें और दुर्घटनाओं से बचाव के लिए सावधानी बरतें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के संकल्प के अनुरूप मध्यप्रदेश निरंतर विकास और जनकल्याण की दिशा में अग्रसर है। उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कामना की है कि दीपों की जगमगाहट प्रदेश और देश को नई ऊँचाइयों पर ले जाये। दीपों का यह पर्व प्रदेश की जनता के जीवन में समृद्धि, सौहार्द, आपसी प्रेम और भाईचारे की नई रोशनी लेकर आयेगा।
अंधकार से प्रकाश की ओर, निराशा से आशा की ओर बढ़ने का संदेश देता है दीपावली पर्व : उप मुख्यमंत्री देवड़ा
उप मुख्यमंत्री देवड़ा ने शुभकामनाएं देते हुए कहा है कि दीपावली का पर्व अंधकार से प्रकाश की ओर, निराशा से आशा की ओर और असमानता से समरसता की ओर बढ़ने का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश आर्थिक सशक्तिकरण और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। वित्तीय अनुशासन, पारदर्शिता और सुधारों की भावना से प्रेरित होकर जीएसटी व्यवस्था ने भारत की अर्थव्यवस्था को एक नई स्थिरता और मजबूती प्रदान की है। उप मुख्यमंत्री देवड़ा ने कहा कि जीएसटी सुधारों ने देश के व्यापारिक माहौल को सरल, पारदर्शी और एकरूप बनाया है। इससे न केवल व्यापारियों को लाभ मिला है बल्कि राज्यों की वित्तीय स्थिति भी सुदृढ़ हुई है।
उप मुख्यमंत्री देवड़ा ने नागरिकों से अपील की है दीपावली का यह पर्व केवल घरों की रौनक तक सीमित न रहे, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग तक खुशियों की रोशनी पहुँचे। उप मुख्यमंत्री देवड़ा ने कहा कि दीप जलाने का अर्थ केवल अंधकार मिटाना नहीं, बल्कि आशा, सहयोग और विकास के दीप प्रज्ज्वलित करना है। उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना करते हुए कहा कि दीपों की यह पावन ज्योति हमारे राज्य और देश को नई ऊँचाइयों पर ले जाए, साथ ही सबके जीवन में नई ऊर्जा, नई प्रेरणा और नई उम्मीदों का संचार करे।
(Udaipur Kiran) / उम्मेद सिंह रावत
