
नई दिल्ली, 10 सितंबर (Udaipur Kiran) । दिल्ली सरकार के विकास मंत्री कपिल मिश्रा और समाज कल्याण मंत्री रविंद्र इंद्राज सिंह ने बुधवार को पल्ला चौक से हिरणकी तक बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण और सर्वे किया। इस दौरान उन्होंने किसानों से बातचीत कर जल्द राहत का भरोसा दिया।दोनों मंत्रियों का यह निरीक्षण बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन और उचित मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया के तहत किया गया।
निरीक्षण के दौरान मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि यमुना नदी में आई बाढ़ से पूरी तरह नष्ट हुई सब्जियों, धान और अन्य फसलों से किसानों को हुए भारी नुकसान और नदी के बहाव एवं टूटे हुए बांधों की स्थिति का जायजा लिया। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में दिल्ली सरकार किसानों की हरसंभव मदद के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर समाज कल्याण मंत्री रविंद्र इंद्राज सिंह ने कहा कि पल्ला, झंगोला से लेकर हिरणकी तक बाढ़ प्रभावित किसानों की पीड़ा को प्रत्यक्ष देखकर मन व्यथित हुआ। सभी प्रभावित परिवारों को जल्द राहत पहुंचाई जाएगी।
दिल्ली के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान स्थानीय जिलाधिकारी, उपजिलाधिकारी, कृषि विभाग, बाढ़ नियंत्रण विभाग समेत अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।
—————
(Udaipur Kiran) / धीरेन्द्र यादव
