
नई दिल्ली, 4 अगस्त (Udaipur Kiran) । मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सावन महीने के अंतिम सोमवार पर अशोक विहार फेज-वन स्थित वैद्यनाथ महादेव मंदिर में भगवान शिव का विधिवत रुद्राभिषेक किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सावन का यह पुण्य अवसर हमें श्रद्धा, सेवा और संस्कृति के मूल्यों को पुनः जागृत करने का सशक्त माध्यम देता है। भगवान शिव के चरणों में यह रुद्राभिषेक राजधानी में आध्यात्मिक ऊर्जा, सामाजिक समरसता और शांति की भावना को सुदृढ़ करने के लिए किया गया है।
मुख्यमंत्री ने दिल्ली सरकार की आस्था और संस्कृति के प्रति प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि उनकी सरकार धार्मिक स्थलों की गरिमा और श्रद्धालु भावनाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। यमुना सफाई अभियान हो या कांवड़ यात्रा की व्यवस्थाएं— हर पहल को एक आध्यात्मिक, स्वच्छ और सेवा-भाव से जुड़ी राजधानी बनाने की दिशा में आगे बढ़ाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा, मैं भगवान भोलेनाथ से प्रार्थना करती हूं कि दिल्ली निरंतर प्रगति करे। यहां के नागरिक स्वस्थ, समृद्ध और शांतिपूर्ण जीवन जी सकें। यह रुद्राभिषेक केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं बल्कि विकसित दिल्ली की आंतरिक ऊर्जा और आत्मबल को जागृत करने का एक माध्यम है।
—————
(Udaipur Kiran) / धीरेन्द्र यादव
