Maharashtra, 1 सितंबर (Udaipur Kiran) । मराठा आरक्षण की मांग को लेकर मुंबई के आजाद मैदान में मनोज जरांगे
पाटिल का आमरण अनशन चल रहा है। प्रदर्शनकारियों को किसी प्रकार परेशानी न हो और
शासन-प्रशासन के बीच समन्वय बना रहे इसिलए मराठा समुदाय के प्रतिनिधिमंडल ने
सोमवार को बीएमसी आयुक्त भूषण गगरानी से मुलाकात की।
मनपा मुख्यालय के सामने आजाद मैदान में 29 अगस्त से जरांगे
पाटिल का आंदोलन चल रहा है। मराठा समुदाय के शिष्टमंडल ने गगरानी से मुलाकात के
दौरान नागरिक सेवाओं और सुविधाओं पर विस्तृत चर्चा की। बैठक में मनपा के अन्य
वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे। गगरानी ने स्पष्ट किया कि प्रतिनिधिमंडल द्वारा दिए
गए सुझावों व मांगों पर उचित विचार किया जाएगा और आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। बैठक
में मनपाउपायुक्त (ज़ोन 1) चंदा जाधव ने एक कंप्यूटर
प्रेजेंटेशन दिया। उन्होंने आज़ाद मैदान और उसके आसपास के क्षेत्रों में
आंदोलनकारियों के लिए बीएमसी द्वारा प्रदान की जा रही सभी नागरिक सुविधाओं के बारे
में विस्तृत जानकारी दी। आंदोलनकारियों और मनपा प्रशासन के बीच उचित समन्वय व
संवाद बना रहे, कोई अफवाह न फैले इसके लिए प्रमुख पदाधिकारियों और अधिकारियों के
नाम व संपर्क नंबरों का आदान-प्रदान किया गया।
—————
(Udaipur Kiran) / वी कुमार
