नई दिल्ली, 2 जुलाई (Udaipur Kiran) । बाहरी उत्तरी जिले के समयपुर बादली इलाके में हैदरपुर स्थित मुनक नहर के पास एक अज्ञात युवक की नग्न अवस्था में लाश मिली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। प्रथम दृष्टया यह मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे पुलिस कंट्रोल रूम (पीसीआर) को एक कॉल मिली जिसमें बताया गया कि हैदरपुर जल शोधन संयंत्र के पास एक शव पड़ा है। यह जानकारी प्लांट के एक कर्मचारी ने दी।
सूचना मिलते ही समयपुर बादली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर पुलिस को एक युवक नग्न अवस्था में मिला। शव को बाहर निकाला गया और क्राइम टीम को मौके पर बुलाया गया।
जांच के दौरान पाया गया कि मृतक की उम्र 20-22 वर्ष है। उसके गले में सफेद कपड़ा बंधा हुआ था। जिससे गला घोंटने की आशंका जताई जा रही है।
इसके अलावा मृतक के पेट के दाहिने हिस्से से आंतें बाहर निकली हुई थीं। युवक के शरीर के आगे-पीछे पर किसी नुकीली चीज से किए गए गहरे घाव पाए गए।
क्राइम टीम ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए नजदीकी अस्पताल के शवगृह में सुरक्षित रखवा दिया है। फिलहाल पुलिस आसपास के थानों में संपर्क कर मृतक की पहचान करने में जुटी हुई है।
—————
(Udaipur Kiran) / कुमार अश्वनी
