
नदिया, 16 जून (Udaipur Kiran) । जिले के हरिनघाटा ब्लॉक के मोलाबेलिया ग्राम पंचायत के दसडिया दासपाड़ा इलाके में एक व्यक्ति का शव उसके ससुराल में फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान शुवेंदु साहा (33) के रूप में हुई है। वह हावड़ा के दासनगर इलाके का निवासी था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था। इसी कारण उसकी पत्नी हावड़ा स्थित घर छोड़कर अपने दोनों बच्चों के साथ हरिनघाटा स्थित अपने पिता के घर पर रह रही थी। शुवेंदु साहा कभी-कभी अपनी पत्नी और बच्चों से मिलने ससुराल जाता था। रविवार को वह ससुराल गया था। बताया जाता है कि रात में पूरे परिवार के साथ खाना खाने के बाद वह वहीं रुक गया।
ससुराल वालों ने बताया कि सुबह वह घर पर नहीं दिखा। बाद में उसका शव घर की सीढ़ी के पास लटका मिला। शव को लेकर परिवार के लोग पहले थाने गए। वहां से उसे कल्याणी जवाहरलाल नेहरू मेमोरियल अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर ने शुवेंदु साहा को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर हरिनघाटा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
—————
(Udaipur Kiran) / धनंजय पाण्डेय
