CRIME

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के गेट पर मिला भाजपा के बूथ अध्यक्ष का शव

भाजपा बूथ अध्यक्ष रिंकू सिंह का फाइल फोटो।

परिजनों की तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज

मुरादाबाद, 3 अगस्त (Udaipur Kiran) । मुरादाबाद के थाना पाकबड़ा क्षेत्र में रतनपुर कलां स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के गेट पर रविवार सुबह भारतीय जनता पार्टी के बूथ अध्यक्ष रिंकू सिंह (38 वर्ष) का शव मिला है। मृतक के मुंह से झाग निकल रहे थे। प्रथम दृष्टि में यह हत्या का मामला लग रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक रिंकू सिंह के परिजनों ने थाना पुलिस को दी तहरीर में अज्ञात व्यक्ति पर जहर खिलाकर हत्या करने का आरोप लगाया है।

पाकबड़ा के रतनपुर कलां निवासी रिंकू सिंह ग्रोथ सेंटर स्थित फर्म में ठेकेदारी करते थे। रिंकू सिंह के परिवार में पत्नी शीला के अलावा पांच नाबालिग बेटियां हैं। पत्नी शीला ने पुलिस को बताया कि कल रात नौ बजे खाना खाने के बाद अपना मोबाइल घर में ही चार्जिंग पर लगा छोड़कर टहलने की बात कहकर चले गए थे। शीला ने आगे बताया कि देर रात्रि 12 बजे तक जब रिंकू नहीं लौटे तो उन्होंने उनके रिंकू के दोस्त रोहित के मोबाइल पर कॉल की। रोहित ने शीला को जानकारी दी कि रिंकू गांव में मंदिर के पास बैठे हैं। इसके बाद शीला और उसकी बेटियां सो गईं। आज सुबह लगभग छह बजे बलवीर सिंह अपने खेत पर जा रहे थे। उन्होंने देखा कि सरकारी अस्पताल के गेट के पास रिंकू औंधे मुंह पड़ा हुआ है। बलवीर के शोर मचाने पर परिजन और अन्य ग्रामीण भी गए। इसके बाद थाना पुलिस को सूचना दी गई। जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रणविजय सिंह मौके पर पहुंच गए और फॉरेंसिक टीम बुला ली गई। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया।

पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि आज सुबह 6 बजे थाना पाकबड़ा एसएचओ को सूचना मिली कि पाकबाड़ा के रतनपुर कलां स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के गेट पर रिंकू का शव मिला है। उसके मुंह से झाग निकल रहा है। इसके बाद रिंकू को अस्पताल पहुंचाया गया जहां चिकित्सकों ने बताया कि उसकी मौत हो चुकी है। एसपी सिटी ने आगे बताया कि मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पाकबड़ा थाने की पुलिस की जांच कर रही है कि बीती रात्रि रिंकू सिंह किसके साथ कहां मौजूद था।

(Udaipur Kiran) / निमित कुमार जायसवाल

Most Popular

To Top