कोलकाता, 28 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । आंध्र प्रदेश के तट की ओर बढ़ रहा चक्रवात ‘मान्था’ अब और ज्यादा शक्तिशाली हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार रात तक ‘मान्था’ काकीनाडा (आंध्र प्रदेश) से लगभग 430 किलोमीटर दूर था। मंगलवार सुबह 7 बजे तक मिले ताजा अपडेट के अनुसार, भारतीय समयानुसार तड़के 5:30 बजे ‘मान्था’ ने “सिवियर साइक्लोन” का रूप ले लिया।
सुबह तक ‘मान्था’ काकीनाडा से लगभग 315 किलोमीटर, मछलीपट्टनम से 245 किलोमीटर और विशाखापत्तनम से 385 किलोमीटर दूर था। पिछले छह घंटे में तूफान की रफ्तार में हल्की कमी आई है। अब यह 18 किलोमीटर प्रति घंटे से घटकर 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आगे बढ़ रहा है। समुद्र से भारी मात्रा में जलवाष्प खींचने के बाद इसके आज शाम के बाद तट से टकराने की संभावना है। विशेषज्ञों का अनुमान है कि इसका रुख अब बदलने की संभावना बहुत कम है।
मौसम विभाग के अनुसार, ‘मान्था’ का लैंडफॉल आंध्र प्रदेश के मछलीपट्टनम और कलिंगपट्टनम के बीच कहीं होने की संभावना है। इस कारण से तटीय इलाकों में प्रशासन को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
चक्रवात के प्रभाव में समुद्र में काफी उथल-पुथल रहेगी। पश्चिम बंगाल, ओडिशा और आंध्र प्रदेश के मछुआरों को 30 अक्टूबर, गुरुवार की शाम तक समुद्र में न जाने की सख्त चेतावनी दी गई है।
‘मान्था’ के प्रभाव से दक्षिण बंगाल के कई जिलों में भारी वर्षा की संभावना है। 28 से 31 अक्टूबर तक कोलकाता, उत्तर और दक्षिण 24 परगना, पूर्व व पश्चिम मेदिनीपुर, झारग्राम, पुरुलिया, पूर्व व पश्चिम बर्दवान, बीरभूम और मुर्शिदाबाद में बिजली-गर्जन के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है।
शुक्रवार शाम से कोलकाता और दक्षिण बंगाल का आसमान साफ़ होना शुरू हो सकता है, लेकिन हवा में नमी कम होने में अभी कुछ और दिन लगेंगे। जैसे-जैसे हवा से जलवाष्प कम होगा, वैसे-वैसे शरद ऋतु का ठंडा एहसास लौट आएगा।
उत्तर बंगाल में भी ‘मान्था’ का असर देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने 29 से 31 अक्टूबर तक उत्तर बंगाल के सभी जिलों में भारी से अति भारी वर्षा का अनुमान जताया है। 30 अक्टूबर को मालदह, उत्तर और दक्षिण दिनाजपुर, दार्जिलिंग, कालिम्पोंग और जलपाईगुड़ी में भारी वर्षा की संभावना है। वहीं 31 अक्टूबर को दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, अलीपुरद्वार, कूचबिहार और जलपाईगुड़ी में अति भारी वर्षा हो सकती है।
—————
(Udaipur Kiran) / धनंजय पाण्डेय