
गौतमबुद्ध नगर, 04 सितम्बर (Udaipur Kiran) । थाना बिसरख पुलिस ने कम्बोडिया से संचालित साइबर ठगो के गिरोह के सदस्य 50 हजार रुपए के ईनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। इसके तीन साथियों को पुलिस पूर्व में गिरफ्तार कर चुकी है। जिसमें एक चीनी और एक नैपाली नागरिक है।
पुलिस आयुक्त श्रीमती लक्ष्मी सिंह के मीडिया प्रभारी ने बताया कि बृहस्पतिवार की शाम को थाना बिसरख पुलिस ने एक सूचना के आधार पर इमरान तोतला पुत्र नूर मोहम्मद निवासी जनपद बुलंदशहर उम्र 32 वर्ष को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि इसके खिलाफ वर्ष 2024 में थाना बिसरख में धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ था। यह तभी से फरार चल रहा था। उन्होंने बताया कि इसके अन्य साथियों में चीनी नागरिक सू-यूमिंग, नेपाली नागरिक अनिल थापा तथा भारतीय नागरिक विनोद उर्फ अगस्त्य भाटी को पुलिस ने वर्ष 2024 के अप्रैल माह में गिरफ्तार किया था। यह आरोपी तभी से फरार चल रहा था। इसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपए का इनाम घोषित था।
उन्होंने बताया कि ये लोग कम्बोडिया देश में बैठे चीनी नागरिकों को यहां के लोगों के डेटा तथा भारत के विभिन्न मोबाइल कम्पनियों के सिम फोन फर्जी दस्तावेज के आधार पर हासिल कर उसे एक्टिवेट करके साइबर अपराध में प्रयोग के लिए उपलब्ध कराते थे। इसके अलावा ये लोग भारतीय युवकों को कम्प्यूटर ऑपरेटर की नौकरी देने का झांसा देकर कम्बोडिया और अन्य देशों में बुलाते थे। वहां पर ये लोग भारतीय लोगों से उनसे ठगी करवाते थे। अगर युवक ठगी करने से मना कर देते थे तो यह लोग विदेशी पुलिस से उन्हे गिरफ्तार करवा देते थे।
(Udaipur Kiran) / सुरेश चौधरी
