HimachalPradesh

“हर घर तिरंगा” अभियान के तहत सीयू ने निकाली तिरंगा यात्रा

तिरंगा यात्रा को हरी झंडी दिखाते हुए कुलपति।
तिरंगा यात्रा निकालते हुए सीयू के छात्र व शिक्षक।

धर्मशाला, 14 अगस्त (Udaipur Kiran) । हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय धर्मशाला ने वीरवार को “हर घर तिरंगा” अभियान के अंतर्गत एक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया। यह यात्रा देशभक्ति की भावना को प्रोत्साहित करने और राष्ट्रीय ध्वज के महत्व को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से निकाली गई। कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय परिसर से हुआ। शिक्षक गण, गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों और काफी संख्या में विद्यार्थियों ने इसमें भाग लिया। तिरंगा यात्रा के दौरान प्रतिभागियों ने 79वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर 79 मीटर और 30 मीटर अलग से तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के साथ पूरे मार्ग में स्वतंत्रता, एकता और भाईचारे का संदेश फैलाया। तिरंगा यात्रा विश्वविद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर शहीद स्मारक तक पहुंची। पूरे मार्ग में नागरिकों ने भी यात्रा का स्वागत किया और तिरंगा लहराकर इसमें अपनी भागीदारी दर्ज कराई।

युवाओं में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को सशक्त करेगा तिरंगा अभियान : कुलपति

वहीं केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सत प्रकाश बंसल ने कहा कि हमारे विद्यार्थी केवल कक्षा तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे समाज में जागरूकता फैलाने के लिए सक्रिय हैं। वे घर-घर जाकर तिरंगे के महत्व के बारे में लोगों को समझा रहे हैं। इस वर्ष हम गर्व के साथ अपना 79वां स्वतंत्रता दिवस मना रहे हैं और इस अवसर पर विश्वविद्यालय ने भव्य तिरंगा आयोजन किया है। यह अभियान युवाओं में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को और सशक्त करेगा। “हर घर तिरंगा” अभियान का उद्देश्य नागरिकों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, देशभक्ति और एकता की भावना को मजबूत करना है। केंद्रीय विश्वविद्यालय, धर्मशाला ने इस अभियान के तहत न केवल तिरंगा यात्रा निकाली, बल्कि आने वाले दिनों में जागरूकता कार्यक्रम, प्रदर्शनी और वाद-विवाद प्रतियोगिताओं का भी आयोजन करने की घोषणा की है।

(Udaipur Kiran) / सतेंद्र धलारिया

Most Popular

To Top