नारनाैल, 20 जून (Udaipur Kiran) । नारनौल में एक क्रेशर कंपनी ने गांव पांचनौता की पंचायती जमीन पर अवैध रास्ता बना लिया है। गांव की सरपंच ममता देवी ने खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी को इसकी जानकारी दी। बीडीपीओ ने इस बारे में पुलिस में शिकायत दर्ज करवा दी है। पुलिस जांच में जुटी है।
गांव पांचनौता की सरपंच ममता देवी ने शुक्रवार को बताया कि गांव मुसनौता और पांचनौता आस-पड़ोस के गांव हैं। गांव मुसनौता में एक खनिज उद्योग लगा हुआ है। यह एक क्रेशर कंपनी है। इस कंपनी द्वारा खनन का कार्य किया जाता है। उक्त कंपनी द्वारा खनन क्षेत्र में आने जाने के लिए लंबे समय से गांव पांचनौता की पंचायती भूमि का प्रयोग किया जा रहा है। इसकी शिकायत देने पर बीडीपीओ ने इन दोनों खसरा नंबरों की पैमाइश हलका गिरदावर से करवाई तथा पैमाइश रिपोर्ट के आधार पर हरियाणा पंचायती राज अधिनियम के तहत कंपनी को नोटिस दिया गया था। जिसके बाद 27 मई 2025 को पुलिस की सहायता से वहां से अवैध कब्जा हटवा दिया गया था और जमीन का कब्जा पंचायत को दे दिया गया था। लेकिन अब दौबारा से क्रेशर कंपनी ने पूर्व में बनाए गए रास्ते के बराबर में अलग से रास्ते का निर्माण कर लिया है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने क्रेशर कंपनी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।
—————
(Udaipur Kiran) / श्याम सुंदर शुक्ला
