
जोधपुर, 14 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । शहर में दीपावली से पहले मंगलवार को गुरु पुष्य नक्षत्र के संयोग में शहर के बाजारों में जबरदस्त रौनक देखने को मिली। धनतेरस, रूप चतुर्दशी और दीपावली से पहले आए इस शुभ नक्षत्र पर बाजारों में मिनी धनतेरस जैसा माहौल रहा।
इस बार पुष्य नक्षत्र का दो दिवसीय शुभ संयोग है। परंपरागत रूप से मिनी धनतेरस माने जाने वाले पुष्य नक्षत्र पर खरीदारी को शुभ माना जाता है, इसी कारण व्यापारी और ग्राहक दोनों में उत्साह देखा गया। इस बार पुष्य नक्षत्र में सिद्ध योग और साध्य योग दोनों का संयोग है, जो इसे और भी मंगलमय बना रहा है। पंचांग व शहर के प्रमुख ज्योतिषी अरूण कुमार के अनुसार पुष्य नक्षत्र का काल आज दोपहर 11.54 बजे शुरू हो गया जो 15 अक्टूबर को दोपहर 11.59 बजे तक रहेगा। कुल 24 घंटे 6 मिनट तक यह नक्षत्र रहेगा। इस अवधि में की गई खरीदी दीर्घकालीन लाभ देने वाली होगी।
पुष्य नक्षत्र पर आज सोने-चांदी के आभूषणों की दुकानों पर विशेष भीड़ रही। आभूषण विक्रेताओं के अनुसार, इस दिन रोजमर्रा की तुलना में कई गुना अधिक बिक्री हुई। व्यापारियों को उम्मीद है कि आगामी धनतेरस पर बिक्री में कई गुना बढ़ोतरी होगी। इसके साथ ही पूजन सामग्री, बही-खाता, चौपड़ी, कलम-दवात और व्यापारिक सामान की खरीदारी भी जोर पर रही। व्यापारियों ने बताया कि ग्राहकों के उत्साह को देखकर अब वे धनतेरस और दीपावली के लिए अधिक स्टॉक और ऑफर तैयारियों में जुट गए हैं।
पुष्य नक्षत्र पर ऑटोमोबाइल, फर्नीचर, गारमेंट, बर्तन, प्रॉपर्टी, वाहन, आभूषण, इलेक्ट्रॉनिक्स और सजावटी सामान सहित हर सेक्टर में खरीदारी का बूम देखने को मिला। शहर के नई सडक़, सोजती गेट, त्रिपोलिया बाजार, सरदारपुरा ए, बी, सी व डी रोड, चौपासनी रोड, जलजोग और रातानाडा बाजारों में दिनभर चहल-पहल बनी रही।
(Udaipur Kiran) / सतीश
