RAJASTHAN

दीपावली पर गोविंददेव जी मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़, अन्नकूट उत्सव की तैयारी चरम पर

गाेविंद देव जी फाइल फाेटाे

जयपुर, 20 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । दीपावली के अवसर पर सोमवार को जयपुर स्थित गोविंददेव जी मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। इस अवसर पर ठाकुर श्री गोविंददेव जी को सुनहरे पार्चे की लप्पा पोशाक और विशेष अलंकारों से श्रृंगारित किया गया। मंदिर परिसर को 18 से 22 अक्टूबर तक विशेष रोशनी और सजावट से सजाया गया है।

पवित्र कार्तिक मास में दीपावली उत्सव के दौरान दर्शनार्थियों की संख्या में वृद्धि को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने झांकियों के समय में बदलाव किया है। मंगला झांकी से पूर्व ठाकुर श्रीजी का अभिषेक किया गया, जिसके बाद उन्हें पारंपरिक पोशाक और अलंकार धारण कराए गए। इस दिन उन्हें लड्डू का भोग अर्पित किया गया और शाम को जगमोहन में विशेष रंगोली सजाई गई।

महंत अंजन कुमार गोस्वामी के अनुसार गोविंद धाम में अन्नकूट उत्सव 22 अक्टूबर, बुधवार को बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस दिन मंगला आरती के पश्चात ठाकुर श्रीजी का पंचामृत अभिषेक किया जाएगा और उन्हें प्राचीन सुनहरी पोशाक पहनाई जाएगी। महंत अंजन कुमार गोस्वामी के सानिध्य में दोपहर 12 से 12:30 बजे तक विशेष अन्नकूट झांकी के दर्शन होंगे, जिसमें ठाकुर श्रीजी को अन्नकूट की विशेष सब्जियां, चावल, 25 प्रकार के कच्चे भोग और 56 भोग व्यंजन अर्पित किए जाएंगे। इस झांकी में 20 से 25 प्रकार की सब्जियां शामिल होंगी। विशेष झांकी के कारण उस दिन राजभोग झांकी के दर्शन नहीं हो सकेंगे, जबकि अन्य झांकियों का समय यथावत रहेगा। इसी दौरान तुलसी मंच पर गोवर्धन पूजा और गौ-बछड़ा पूजा भी संपन्न होगी, जिसके बाद आरती का आयोजन किया जाएगा।

उधर, गुप्त वृंदावन धाम में भी दीपोत्सव के उपलक्ष्य में भव्य सजावट और रोशनी की गई है। यहां कृष्ण-बलराम को मोती जड़ित मुकुट और विशेष पोशाक धारण कराई गई। बैंगलुरु से मंगवाए गए फूलों से भगवान का श्रृंगार किया गया। गुप्त वृंदावन धाम में भी अन्नकूट उत्सव 22 अक्टूबर को मनाया जाएगा, जिसमें पंचामृत अभिषेक और विशेष अन्नकूट झांकी के दर्शन होंगे। इस झांकी में भी ठाकुर श्रीजी को अन्नकूट की सब्जियां, चावल, 25 प्रकार के कच्चे भोग और 56 भोग व्यंजन अर्पित किए जाएंगे

—————

(Udaipur Kiran)

Most Popular

To Top