Jharkhand

राज्य के खिलाड़ियों को मंच दिलाने में परिषद और खेल विभाग की महती भूमिका : सुदिव्य

हॉकी प्रतियोगिता के समापन कार्यक्रम में मौजूद खिलाडी सहित अन्‍य

रांची, 20 अगस्त (Udaipur Kiran) । राज्य स्तरीय जवाहरलाल नेहरू हॉकी प्रतियोगिता का समापन बुधवार को रांची में हुआ। इस प्रतियोगिता का आयोजन स्कूली शिक्षा विभाग के अंतर्गत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद की ओर से किया गया था।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि खेल मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद राज्य के हीरा रूपी खिलाड़ियों को ढूंढ रही है और खेल विभाग उन्हें तराश कर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मंच प्रदान कर रहा है।

उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए असफल खिलाड़ियों को प्रेरित किया कि वे पूरे लगन और मेहनत के साथ अभ्यास करें आने वाला साल निश्चित रूप से उनका होगा।

वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद विधायक सीपी सिंह ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि आप सभी हमारे झारखंड की धरोहर हैं।

स्वागत संबोधन में राज्य परियोजना निदेशक शशि रंजन ने कहा कि अब तक हॉकी में दक्षिणी झारखंड का वर्चस्व रहा है, लेकिन आज उत्तरी झारखंड भी अपनी पहचान बना रहा है। उन्होंने हजारीबाग जिले का उदाहरण देते हुए कहा कि इस जिले के खिलाड़ियों ने शुरू से लेकर अंतिम तक उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन किया।

आयोजन के लिए शिक्षा विभाग बधाई का पात्र : भोलानाथ

हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह ने कहा कि शिक्षा विभाग जिस तरीके से खेलों का आयोजन कर रहा है, उसके लिए हॉकी झारखंड और हॉकी इंडिया की ओर से बधाई का पात्र है। पुरस्कार वितरण सामरोह में खेल निदेशक शेखर जमुआर और पूर्व ओलंपियन मनोहर टोप्पनो की उपस्थिति रही।

रोमांचक फाइनल मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। अंडर-15 बालक वर्ग में राजकीय उत्क्रमित प्लस टू उच्च विद्यालय, पेलोल मुरहू, खूंटी ने राजकीय उच्च विद्यालय, सिमडेगा को 1-0 से हराकर चैंपियनशिप जीती। इस वर्ग का मैन ऑफ द मैच सुखावना भेंगरा बने, बेस्ट गोलकीपर अजय हेंब्रम, बेस्ट डिफेंडर अनुज तिग्गा, बेस्ट स्कोरर प्रवीण और मैन ऑफ द सीरीज़ जयसन कुंडलना को घोषित किया गया।

अंडर-17 बालक वर्ग में राजकीय उत्क्रमित प्लस टू उच्च विद्यालय, पेलोल, खूंटी ने आरएन प्लस टू उच्च विद्यालय पदमा, हजारीबाग को 3-0 से पराजित कर विजेता का खिताब अपने नाम किया। इस वर्ग में मैन ऑफ द मैच इमैनुएल केंदुलना, बेस्ट गोलकीपर परदेसी मुंडा, बेस्ट डिफेंडर अनमोल, बेस्ट स्कोरर आशीष होरो तथा मैन ऑफ द सीरीज़ गंगा टोपनो बने।

वहीं अंडर-17 बालिका वर्ग में मुख्यमंत्री उत्कृष्ट बालिका उच्च विद्यालय, सिमडेगा ने मुख्यमंत्री उत्कृष्ट बालिका उच्च विद्यालय, बरियातू को 3-0 से हराकर चैंपियन का खिताब जीता। इस वर्ग में वूमेन ऑफ द मैच अंकित लकड़ा बनीं। बेस्ट गोलकीपर सोनाली तिर्की, बेस्ट डिफेंडर वर्तिका केरकेट्टा, बेस्ट स्कोरर शिवानी केरकेट्टा और वूमेन ऑफ द सीरीज़ लियोनी हेंब्रम को घोषित किया गया।

मौके पर सभी विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को अतिथियों ने मेडल ट्रॉफी और सर्टिफिकेट देकर पुरस्कृत किया।

—————

(Udaipur Kiran) / Vinod Pathak

Most Popular

To Top