Chhattisgarh

दीपावली और छठ पर्व पर निगम ने की विशेष तैयारी, आयुक्त के निर्देश पर जारी हुआ जोनवार ड्यूटी चार्ट

आयुक्त आशुतोष पांडेय

कोरबा, 16 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । नगर पालिक निगम कोरबा क्षेत्र में दीपावली और छठ पूजा जैसे प्रमुख पर्वों को देखते हुए निगम प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद हो गया है। आयुक्त आशुतोष पांडेय ने नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा या परेशानी न हो, इसके लिए जोनवार व्यवस्था सुनिश्चित करने का आदेश जारी किया है। इस संबंध में गुरुवार काे आदेश जारी कर निगम के सभी जोन कमिश्नर और उप-प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं।

आयुक्त के निर्देशानुसार दीपावली पर्व के दौरान शहर के मुख्य बाजारों में सुव्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था की जाएगी, ताकि यातायात में बाधा न हो और नागरिकों को भी सुविधा मिल सके। साथ ही अस्थायी फुटकर व्यापारियों (हॉकर्स) के लिए भी निर्धारित स्थल चिन्हांकित किए गए हैं। इन स्थलों पर ही व्यापारियों को अपना व्यवसाय करने की अनुमति दी जाएगी, ताकि बाजार में अनावश्यक भीड़भाड़ और अव्यवस्था न फैले।

छठ पूजा को लेकर घाटों पर विशेष तैयारी

आगामी छठ पर्व को देखते हुए नगर निगम ने सभी प्रमुख छठ घाटों पर विशेष व्यवस्था के निर्देश दिए हैं। इनमें घाटों की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, सुरक्षा और आवागमन की व्यवस्था शामिल है। निगम के विभिन्न जोनों में कार्यों की निगरानी के लिए अधिकारी-कर्मचारियों की ड्यूटी सूची भी जारी की गई है।

नोडल अधिकारी और प्रतिवेदन व्यवस्था

इस संपूर्ण व्यवस्था के लिए नीरज कौशिक, उपायुक्त को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं, सभी जोन प्रभारी अधिकारी प्रत्येक दिवस कार्यपालन प्रतिवेदन तैयार कर अपर आयुक्त विनय मिश्रा को प्रस्तुत करेंगे।

आदेश तत्काल प्रभाव से लागू

आयुक्त आशुतोष पांडेय का यह आदेश तत्काल प्रभावशील किया गया है। उन्होंने कहा कि दीपावली और छठ जैसे सामूहिक पर्वों पर नगर निगम का दायित्व है कि नागरिकों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण प्रदान किया जाए।

(Udaipur Kiran) /हरीश तिवारी

—————

(Udaipur Kiran) / हरीश तिवारी

Most Popular

To Top