Chhattisgarh

शराब दुकान के खोमचों पर निगम प्रशासन ने की कार्रवाई

खोमचा पर कार्रवाई करते हुए निगम टीम के अधिकारी।

धमतरी, 15 जुलाई (Udaipur Kiran) । नगर निगम धमतरी की टीम ने शहर के दानीटोला एवं अंबेडकर वार्ड स्थित शराब दुकानों के खोमचों का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान दुकानों के खोमचों में रखे प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री डिस्पोजल कप, गिलास तथा प्लास्टिक पानी पाउच का खुलेआम उपयोग और विक्रय होते पाया गया। यह कार्य पर्यावरणीय नियमों एवं स्वच्छता मानकों का स्पष्ट उल्लंघन है। इस पर निगम की टीम ने कार्रवाई की है।

कार्रवाई के दौरान नगर निगम की टीम ने दुकान के अंदर से दो कार्टून डिस्पोजल सामग्री और 15 बोरियां पानी पाउच जब्त किए। उल्लेखनीय है कि इन सामग्रियों के उपयोग पर सख्त प्रतिबंध लगाया गया है क्योंकि ये प्लास्टिक सामग्री न केवल पर्यावरण को नुकसान पहुंचाती है, बल्कि जल स्रोतों और सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता को भी प्रभावित करती है। नगर निगम उपायुक्त पीसी सार्वा ने बताया कि निगम क्षेत्र में प्रतिबंधित प्लास्टिक उत्पादों के खिलाफ निरंतर अभियान चलाया जा रहा है। इस प्रकार की अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों या संस्थानों पर नियमानुसार कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि महापौर रामू रोहरा ने इंदौर की सफाई के तर्ज पर धमतरी में भी सफाई व्यवस्था सुधारने की दिशा में पहल कर रहे हैं। वहीं आयुक्त प्रिया गोयल ने प्रतिबंधित प्लास्टिक पर कार्यवाही को लेकर उड़नदस्ता टीम का गठन कर दिया है। निगम प्रशासन ने आम जनता एवं व्यापारियों से अपील की है कि वे प्रतिबंधित प्लास्टिक वस्तुओं का उपयोग न करें एवं स्वच्छ, पर्यावरण मित्र नगर बनाने में नगर निगम का सहयोग करें। साथ ही, यदि कहीं इस प्रकार की सामग्री का विक्रय या उपयोग होता दिखाई दे, तो इसकी सूचना नगर निगम को अवश्य दें, ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके।

तीन साल से वार्डवासी कर रहे शिकायत, नहीं हो रही कार्रवाई:

सोरिद वार्ड के शराब दुकान के पास कई खोमचे संचालित हैं, यहां पर कार्रवाई के लिए नगर निगम की टीम नहीं पहुंचती। यहां पांच से भी अधिक खोमचे संचालित है। खोमचों के कारण लोगों का यहां से गुजरना मुश्किल हो गया है। मोहल्लेवासी तीन साल से लगातार शिकायत कर रहे हैं, लेकिन यहां निगम की टीम कार्रवाई के लिए नहीं आती। प्रतिबंधित प्लास्टिक, डिस्पोजल का ढेर सड़क के दोनों ओर लगा हुआ है, इससे नालियां जाम है, निगम को इस ओर भी कार्रवाई करनी चाहिए।

(Udaipur Kiran) / रोशन सिन्हा

Most Popular

To Top