Madhya Pradesh

इंदौर के द्वारकापुरी थाने में पदस्थ कांस्टेबल ने सर्विस राइफल से खुद को गोली मारकर की खुदकुशी

कांस्टेबल ने सर्विस राइफल से खुद को गोली मारकर की खुदकुशी

इंदौर, 4 जुलाई (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर के द्वारकापुरी थाने में पदस्थ एक आरक्षक ने शुक्रवार सुबह सर्विस रिवाल्वर से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली है। आरक्षक के गोली मारकर आत्महत्या की खबर से पुलिस महकमे में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी लगते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे थे। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद सामने आया है, आरक्षक की पत्नी उसे छोड़कर चली गई थी। पुलिस ने शव को जिला अस्पताल में पहुंचाया है। एसीपी शिवेंदु जोशी ने घटना की पुष्टि की है।

जानकारी अनुसार मामला शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे का है। 28 वर्षीय आरक्षक अनुराग भागोर ने द्वारिकापुरी इलाके में दिग्विजय मल्टीस्टोरी बिल्डिंग के एक फ्लैट में अपनी जान दे दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल से कोई भी सुसाइड नोट नहीं मिला है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। घटना के समय मृतक आरक्षक के साथ सिपाही रोहित भी मौजूद था। उसने बताया कि अनुराग ड्यूटी के दौरान आ रहे फोन कॉल्स रिसीव नहीं कर रहा था। शुरुआती जांच में पत्नी से विवाद की बात सामने आई है। पुलिस इस मामले में दोस्त के बयान लेगी। अनुराग ने डेढ़ साल पहले लव मैरिज की थी। पत्नी रानू धार के माड़व की रहने वाली है और 7 दिन से मायके में ही है। मृतक आरक्षक मूल रूप से अलीराजपुर का रहने वाला था। द्वारिकापुरी थाने से पहले वह सर्राफा थाने में था।

परिवार में बड़ा भाई अविनाश और छोटा भाई देवेंद्र है। पिता वेटरिनरी डिपार्टमेंट से रिटायर्ड हैं। रिश्ते के भाई राजेंद्र ने बताया कि उसे पुलिस विभाग में 10 साल हो गए थे। अनुराग की पत्नी के भाई को 7 दिन पहले करंट लगा था। अरविंदो हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। परिजन के मुताबिक, सर्राफा से द्वारकापुरी थाने में ट्रांसफर के बाद अनुराग का ड्यूटी शेड्यूल बढ़ गया था। वह अपने घर-अस्पताल नहीं जा पा रहा था। पत्नी अरविंदो अस्पताल में मायके पक्ष के लोगों के साथ ही थी। इसी बात को लेकर मनमुटाव चल रहा था।

—————

(Udaipur Kiran) / नेहा पांडे

Most Popular

To Top