मुंबई, 8 नवंबर (Udaipur Kiran) । निकाय चुनावों की सरगर्मियों के बीच मतदाता सूची में गड़बड़ी और वोट चोरी को लेकर कांग्रेस आक्रामक हो गई है। वोट चोरी के खिलाफ शनिवार को मुंबई यूथ कांग्रेस के पदाधिकारियों ने मुंबई मेट्रो और लोकल ट्रेन में पर्चे बांटकर जनजागरण अभियान चलाया।
मुंबई यूथ कांग्रेस की अध्यक्ष ज़ीनत शबरीन और पदाधिकारियों ने घाटकोपर से साकीनाका तथा अंधेरी से गोरेगांव मार्ग पर मेट्रो व लोकल से यात्रा करते हुए यात्रियों से संवाद साधा। उन्होंने चुनाव आयोग व भाजपा की वोट चोरी की साजिश का पर्दाफाश किया। इस संबंध में पर्चे बांटकर लोगों को जागरूक किया गया। उनसे लोकतंत्र की रक्षा के लिए इस आंदोलन में सक्रिय भाग लेने की अपील की गई।
ज़ीनत ने बताया कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष कर रहे हैं। चुनाव आयोग के भ्रष्टाचार को उन्होंने सबूतों के साथ उजागर किया है. लोकतंत्र का गला घोंटने वालों को बेनकाब किया है। राहुल गांधी के इस संघर्ष में यूथ कांग्रेस पूरी ताकत के साथ खड़ी है। देश में चुनावों को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराना चुनाव आयोग का कर्तव्य है, लेकिन लोकतंत्र के इस महत्वपूर्ण स्तंभ पर अब संदेह के बादल मंडरा रहे हैं। भाजपा चुनाव आयोग की मदद से वोट चोरी कर रही है।
—————
(Udaipur Kiran) / वी कुमार