
रांची, 4 नवंबर (Udaipur Kiran) । झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा है कि झारखंड में चुनाव आयोग की ओर से सर्वे का काम शुरू किया जा रहा है। यह सर्वे केंद्र सरकार के इशारे पर चलाया जा रहा राजनीतिक अभियान है। सर्वे सामान्य मतदाता पुनरीक्षण प्रक्रिया नहीं, बल्कि मतदाता पहचान की चोरी और मताधिकार से वंचित करने की साजिश है। प्रदेश अध्यक्ष ने यह बातें मंगलवार को पार्टी मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्त्ता् में कही।
उन्होंने कहा कि पूरे देश में राहुल गांधी ने यह तथ्य उजागर किया है कि चुनाव आयोग के सर्वर से वोटरों की फोटो और निजी जानकारी चोरी कर फर्जी पहचान बनाई जा रही है। अब झारखंड में भी उसी पैटर्न पर यह साजिश की तैयारी चल रही है। उन्होंने कहा कि असली मतदाताओं के नाम हटाए जा रहे हैं नकली या फर्जी नाम जोड़े जा रहे हैं।
एक ही व्यक्ति के नाम से कई जगह वोटर कार्ड बनाए जा रहे हैं।
यह सब चुनाव आयोग की विश्वसनीयता और निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़ा करता है।
उन्होंने कहा कि झारखंड में कांग्रेस मतदाता बचाओ -लोकतंत्र बचाओ नामक अभियान शुरू करेगी।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कहा कि महागठबंधन का प्रत्याशी घाटशिला में भारी मतों से चुनाव जीतेंगे। इसे लेकर महागठबंधन एकजुट है।
पार्टी के विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने कहा कि उपचुनाव में महागठबंधन भारी मतों से चुनाव जीतेगा।
उन्होंने कहा कि उपचुनाव में हमलोगों ने पूरी शक्ति झोंक दी है आगे भी हम इस पर काम करेंगे।
मौके पर राज्य अल्पसंख्यक आयोग के दो वर्षों के कार्यकाल में किये गये कार्य और योजनाओं के संकलन प्रयास नामक शीर्ष पुस्तिका का विमोचन किया गया। इस पुस्तिका का संकलन झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष ज्योति सिंह मथारू के मार्गदर्शन में किया गया।
इस मौके पर पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, मीडिया चेयरमैन सतीश पौल मुंजनी, रविन्द्र सिंह, ज्योति सिंह मथारू, सुलतान अहमद, अभिलाष साहु, कमल ठाकुर, राजन वर्मा मौजूद थे।
—————
(Udaipur Kiran) / Vinod Pathak