Uttrakhand

संगठन सृजन अभियान के तहत कांग्रेस ने शुरू की जिलाध्यक्ष के चयन की प्रक्रिया

पत्रकारों से वार्ता करते हुए

हरिद्वार, 4 सितंबर (Udaipur Kiran) । कांग्रेस नेतृत्व द्वारा शुरू किए गए संगठन सृजन अभियान के तहत हरिद्वार जनपद में जिलाध्यक्ष के चयन की प्रक्रिया शुरू हो गयी है। संगठन सृजन अभियान के ऑब्जर्वर जी.रुद्रा राजू ने प्रेस क्लब में पत्रकारो से वार्ता में बताया कि कांग्रेस में संगठन सृजन अभियान के तहत कार्यकर्ताओं की राय से जिलाध्यक्ष का चुनाव किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वे 7 दिन तक हरिद्वार में रहकर बूथ और ब्लॉक स्तर पर कार्यकर्ताओं से मिलेंगे।

सबसे मिलकर बात करने के बाद 6 नामों का पैनल हाईकमान को भेंजेंगे। इसके बाद हाईकमान के स्तर से जिलाध्यक्ष की घोषणा की जाएगी। उन्होंने कहा कि संगठन को लेकर कांग्रेस सकारात्मक रूप से आगे बढ़ रही है। संगठन सर्वोपरि है। संगठन में सभी को प्रतिनिधित्व दिया जाएगा। जिसमें एससी, एसटी, ओबीसी व अल्पसंख्यकों को अधिक भागीदारी देने का संकल्प लिया गया है।

ज्वालापुर विधायक रवि बहादुर ने कहा कि संगठन सृजन अभियान के तहत अंतिम पंक्ति के कार्यकर्ता को भी जिलाध्यक्ष बनने का अवसर दिया गया है। जमीनी रिपोर्ट के आधार पर जिलाध्यक्ष का चयन किया जाएगा। कांग्रेस में सामान्य कार्यकर्ता को भी आगे बढ़ने का अवसर दिया जाता है। इसका उदाहरण वे स्वयं है।

हरिद्वार ग्रामीण विधायक अनुपमा रावत ने कहा कि पूरी पारदर्शिता के साथ संगठन को मजबूत करने का काम किया जा रहा है। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी आम कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने का अवसर दे रहे हैं।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता जोत सिंह गुनसोला ने कहा कि संगठन सृजन अभियान के तहत कार्यकर्ताओं और जनता से मिले सुझावों अनुरूप कांग्रेस को मजबूत किया जाएगा। पत्रकारवार्ता के दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजपाल बिष्ट, सुनीता परमार, ग्रामीण कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजीव चौधरी, विमला पांडे, राजबीर सिंह चौहान, तेलूराम प्रधान, राकेश राजपूत, फुरकान अली, राजेंद्र श्रीवास्तव, दाताराम चौहान, जतिन हांडा, बीएस तेजियान मौजूद रहे।

(Udaipur Kiran) / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Most Popular

To Top