
लखनऊ, 24 जून (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि कांग्रेस को देश पर आपातकाल थोपने के लिए माफी मांगनी चाहिए। पांच कालिदास मार्ग स्थित अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि आपातकाल लगाकर लोकतंत्र को बंधक बनाने का काम किया। न्यायपालिका, मीडिया और समाज की सेवा करने वाले लोगों पर अत्याचार किया गया। लोगों को यातनाएं दी गयीं। निर्दोष लोगों को जेल भेजा गया। आपातकाल लगाकर सत्ता में बने रहने का रास्ता खोजा गया। यह संविधान के हत्यारे लोग हैं। संविधान के द्रोही व विरोधी लोग हैं।
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि असली समाजवादी जेपी के नेतृत्व में आपातकाल के खिलाफ संघर्ष किया। नकली समाजवादी पार्टी आज कांग्रेस की गोद में बैठे हैं।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि इंदिरा शासन का आपातकाल था ‘सीधा देशद्रोह’। आजादी के बाद कांग्रेस के लोकतंत्र पर ‘आपातकाल’ के प्रहार ने याद दिला दिया था कभी न भूलने वाला मुग़लों और अंग्रेज़ों का अत्याचार। गांधी परिवार के हंटर से ‘भारतीय लोकतंत्र की रूह कांप उठी’ थी। दुर्भाग्य से आज भी कांग्रेस ख़ासकर गांधी परिवार उसी सोच में डूबा रहता है और वह ‘मुगलई’ व ‘अंग्रेजियत’ से मुक्त नहीं हो सका है। कांग्रेस की ‘राजशाही सोच’ का नतीजा था ‘आपातकाल’। समय बदला पर सोच आज भी वही।
(Udaipur Kiran) / बृजनंदन
